बंदरदेवा : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने आज  सोमवार को कोलकाता से डोनी-पोलो हवाई अड्डे, ईटानगर तक इंडिगो की पहली वाणिज्यिक उड़ान का उद्घाटन किया, जबकि उपमुख्यमंत्री सोना मीन ने डोनी-पोलो हवाई अड्डे से कोलकाता और मुंबई के लिए इंडिगो की पहली वाणिज्यिक उड़ान की वापसी उड़ान को झंडी दिखाकर रवाना किया। मीन ने इस अवसर कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि यह अरुणाचल प्रदेश के नागरिक उड्डयन इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत है। कारण कि आज से हम डोनी-पोलो हवाई अड्डे, ईटानगर से कोलकाता,  मुंबई और देशभर के अन्य मेट्रो शहरों से सीधी हवाई-कनेक्टिविटी बनाने जा रहे हैं। यह अरुणाचल प्रदेश के लोगों के लिए बहुत गर्व का क्षण है और डोनी पोलो हवाई अड्डे, इटानगर से संचालित करने के लिए देश के सबसे बड़े और सबसे अच्छे वाणिज्यिक उड़ान ऑपरेटरों में  एक इंडिगो एयरलाइंस का आभार व्यक्त करता हूं। कोलकाता से 10.20 बजे उड़ान भरने वाली पहली व्यावसायिक उड़ान 12.35 बजे होलोंगी पहुंची। डोनी-पोलो हवाई अड्डे से दोपहर 1.05 बजे 99 यात्रियों को लेकर पहली वाणिज्यिक उड़ान कोलकाता हवाई अड्डे पर अपराह्न तीन बजे उतरे। फ्लाइट पुनः 3.40 बजे कोलकाता से रवाना होकर शाम 6.45 बजे मुंबई पहुंची। इस मौके पर केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री, किरेन रिजीजू, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री सेवानिवृत्त जनरल डॉ. वीके सिंह, अरुणाचल पूर्व के सांसद तापीर गाओ,  राज्यसभा सांसद डोला सेन, कोलकाता दक्षिण के सांसद माला रॉय, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष पासंग दोरजी सोना, विधायक चाउ झिंगनू नामचूम और जुम्मुम एते देओरी, इटानगर निगम के मेयर तेमे फसांग, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव राजीव बंसल और इंडिगो हेड ऑफिस आर के सिंह और अन्य भी उपस्थित थे।