मुजफ्फरपुर : कुढ़नी उपचुनाव को लेकर बिहार में सियासत उफान पर है। जेडीयू और बीजेपी प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर है। शुक्रवार को जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा के प्रचार के लिए सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। कुढ़नी के केरमाडीह में तेजस्वी यादव ने जनसभा को संबोधित किया और एक बार फिर से इमोशनल कार्ड खेला। तेजस्वी ने कहा कि लालू जी का सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट होना है। लालू जी हमसे पूछ रहे थे, कि कुढ़नी का हाल बा, हमने बता दिया आप स्वस्थ्य रहिए महागठबंधन जीतेगा। 3 दिसंबर को हम भी सिंगापुर जाएंगे। लालू जी भी कुढ़नी आना चाहते थे, लेकिन उनका 5 दिसंबर को ऑपरेशन है। इसीलिए उन्होने अपना संदेश देकर भेजा कि नीतीश जी के हाथ को मजबूत कीजिए और एकजुट रहिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी को डर 2024 का है, क्योंकि वो समझ गए हैं कि बिहार में सातों दल एक हो गए हैं। महागठबंधन के आगे बीजेपी का खाता भी नहीं खुलने वाला। बीजेपी ने नफरत और झूठ की राजनीति की है। भाजपा का प्रयास यादवों को तोड़ने का है, लेकिन यादव टूटने वाला नहीं है। लालू जी को डराने की कोशिश की, जेल भिजवाया लेकिन लालू जी फिरकापरस्त ताकतों से लड़ रहे हैं। छापों से हम लोग डरने वाले नहीं है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि हर साल 2 करोड़ नौकरी और 15 लाख रुपए अकाउंट में देने का वादा खोखला साबित हुआ है। जो बीजेपी पहले महंगाई पर प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन करती थी, तब उनके लिए महंगाई डायन थी अब वो महंगाई भौजाई और महबूबा नजर आ रही है। तेजस्वी यादव ने कुढ़नी के जनता से जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को भारी मतों से विजय बनाने की अपील की।
तेजस्वी यादव बोले- लालू जी पूछ रहे थे, कुढ़नी में का हाल बा; हम बोले, आप स्वस्थ्य रहिए, महागठबंधन जीतेगा