गुवाहाटीः गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) ने कर अदायगी के लिए अपनी सक्रियता दिखाते हुए बड़ा फैसला लिया है। नगरवासी अगर जीएमसी का बकाया कर दिसंबर माह तक भुगतान नहीं करतें तो नववर्ष पर उनके घर की बिजली गुल हो सकती है। जीएमसी के मेयर मृगेन शरणिया ने आज कहा कि अगर निवासियों के पास जीएमसी का होल्डिंग नंबर नहीं है तो 1 जनवरी से बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे। उजान बाजार के जीएमसी कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मेयर ने कहा कि गुवाहाटीवासियों के पास संपत्ति कर के रूप में करीब 180 करोड़ रुपए बकाया है। जीएमसी के राजस्व का मुख्य स्रोत संपत्ति कर है, इसलिए जीएमसी ने संपत्ति कर निर्धारण के लिए स्व-मूल्यांकन के माध्यम से होल्डिंग नंबर जारी करने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 5 दिसंबर से संपत्ति कर पर एक विशेष एमनेस्टी योजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत जिन कर दाताओं का कर पिछले दो वर्षों (वित्त वर्ष 2020-21 से पहले) से बकाया है उन्हें 20 दिसंबर से पहले भुगतान करने पर 50 प्रतिशत, 20 दिसंबर के बाद भुगतान करने पर क्रमशः 30 और 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह विशेष सुविधा सेवा केंद्रों या ऑनलाइन पर उपलब्ध होगी। जीएमसी के पास वर्तमान में दो लाख अस्सी हजार होल्डिंग नंबर हैं, लेकिन पिछले साल केवल पचासी हजार होल्डिंग नंबर के ही संपत्ति कर एकत्र किए गए। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार जीएमसी और एपीडीसीएल ने इस साल दिसंबर तक होल्डिंग नंबरों को एपीडीसीएल के उपभोक्ता नंबरों से जोड़ने के लिए कदम उठाए हैं। जीएमसी ने पहले ही इस संबंध में एपीडीसीएल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी गुवाहाटी निवासियों से आग्रह करता हूं, जिन्हें अभी तक अपने होल्डिंग नंबर प्राप्त नहीं हुए हैं, वे जल्द से जल्द गुवाहाटी नगर निगम के स्व-मूल्यांकन पोर्टल के माध्यम से अपने होल्डिंग नंबर के लिए आवेदन करें। मौके पर नगर के संयुक्त आयुक्त पंकज चक्रवर्ती, डिप्टी मेयर स्मृति राय व प्रवक्ता मनोज कुमार नाथ भी उपस्थित थे।
दिसंबर तक गुवाहाटीवासियों को देना होगा प्रॉपर्टी टैक्स नहीं तो एक जनवरी से कट जाएगा बिजली कनेक्शन