नलबाड़ी/गुवाहाटी : सोमवार से शुरू विकास के लिए एक पखवाड़े के दूसरे दिन में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने नलबाड़ी में कुल 678.43 करोड़ रुपए की लागत की 12 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने जिले के सरियहतली स्थित जिला खेल परियोजना में आयोजित विशाल जनसभा में मंच से डिजिटल प्रणाली से इन परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस समारोह में 51.46 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित जिला खेल परियोजना का निर्माण, 49.45 करोड़ रुपए की लागत से एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय, 7.04 करोड़ रुपए की लागत से नलबाड़ी सरकारी पॉलिटेक्निक को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में उन्नत करने के लिए कार्यशालाओं और वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं का निर्माण, 5.04 करोड़ रुपए की लागत से नलबाड़ी सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को उत्कृष्ट केंद्र के रूप में उन्नत करने के लिए कार्यशालाओं एवं वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं का निर्माण, 4961.50 लाख रुपए की लागत से पगलादिया नदी तटबंध और गोहाईं कमल आलि से एनटी रोड, बरमुरीकोना, सोनकुरिहा, कमारकुची, उलुबाड़ी से हाजो-नलबाड़ी रोड (बिजुली घाट) तक सड़क का निर्माण, 11.6502 करोड़ रुपए की लागत से नङला जल निकासी चैनल की रेलवे लाइन से बुढ़ादिया नदी तक बांध एवं सड़क का निर्माण, 2114.79 लाख रुपए की लागत से नलबाड़ी-पल्ला मार्ग के शोलमारा से बनगांव-जागारा मार्ग होकर बिल्वेश्वर देवालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं विकास, असम माला के अंतर्गत 198.8128 करोड़ रुपए की लागत से मुकलमुआ-जागारा-बनगांव सड़क का निर्माण, 106.7755 करोड़ रुपए के व्यय पर नलबाड़ी शहर में 6 मुख्य सड़कों का उन्नयन और सौंदर्यीकरण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने असम कृृषि विश्वविद्यालय के तहत 54.17 करोड़ रुपए की लागत से नलबाड़ी बागवानी विज्ञान और कृषि अनुसंधान महाविद्यालय का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा 847.88 लाख रुपए की लागत से नलबाड़ी में उप-क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र और वेधशाला और 11781 लाख रुपए के व्यय पर निर्मित असम माला के तहत निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 31 के साथ राज्य राजमार्ग नं 9 संयोजी विश्वनाथ शर्मा रोड का उद्घाटन किया। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 31 पर गणेश मंदिर के पास एकीकृत आयुक्त कार्यालय का निर्माण पूरा होने के बाद नलबाड़ी शहर के बीच में उपायुक्त कार्यालय समेत कई सरकारी कार्यालय नजर नहीं आएंगे। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत ही आनंदपूर्ण और यादगार दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पखवाड़ा भर चलने वाले विकास कार्यक्रम के पहले चरण में राज्य के 11 जिलों में 15,000 करोड़ रुपए की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 5-20 जनवरी में कई अन्य जिलों में 15,000 करोड़ रुपए की लागत से कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। सीएम ने यह भी घोषणा की कि बराक घाटी में फरवरी में काम शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार नलबाड़ी जिले के विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि अरुणोदय योजना के तहत नए लाभार्थियों की चयन प्रक्रिया 12 दिसंबर से शुरू होगी और नलबाड़ी जिले में 23,000 नए लाभार्थियों को योजना में शामिल किया जाएगा। नलबाड़ी जिले में 24,000 परिवारों को राशन कार्ड जारी किए जाएंगे और गरीबों को भारत के किसी भी नामित अस्पताल में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त चिकित्सा उपचार मिलेगा।नलबाड़ी जिले में 24,000 परिवारों को राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नलबाड़ी सिविल अस्पताल को नलबाड़ी मेडिकल कॉलेज में मिला दिया जाएगा और अस्पताल को सर्वसुविधायुक्त कैंसर अस्पताल में बदल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जिले के धरमपुर विधानसभा क्षेत्र में चामता स्टेडियम के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की। चुनाव के दौरान 100,000 बेरोजगारों को नौकरी देने के वादे के तहत सरकार ने पहले ही विभिन्न विभागों में 40,000 लोगों की भर्ती की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 30,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और शेष 30,000 पदों के लिए विज्ञापन मार्च से पहले जारी कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि इस सरकार ने लोगों को जमीन का अधिकार दिया है। प्रौद्योगिकी की मदद से विभिन्न सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त से सख्त कदम उठा रही है। सीएम ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम में विकास की गंगा बहा दी है और लोगों से असम को विकास के माध्यम से भारत के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में से एक बनाने के लिए सरकार को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है। समारोह में नलबाड़ी विधायक और मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने स्वागत भाषण दिया और मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, नलबाड़ी जिला अभिभावक मंत्री अजंता नेओग, रंजीत कुमार दास और केशब महंत ने भी लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक शर्मा, नारायण डेका, असम कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.बिद्युत चंद्र डेका, कुमार भास्कर बर्मा संस्कृत और प्राचीन अध्ययन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रह्लाद जोशी, नलबाड़ी उपायुक्त गीतामणि फुकन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
नलबाड़ी में 678 करोड़ की परियोजनाओं का सीएम ने किया लोकार्पण व शिलान्यास