तामुलपुर,गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने असम की विकास यात्रा को संगठित रूप से आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से शुरू  विकास के लिए एक पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बुधवार को तामुलपुर जिले में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। सीएम ने कुमारिकाता नई बस्ती मार्ग का भी विकास परियोजना के साथ-साथ  कुमारिकाता नई बस्ती रोड पर काला नदी और पगलादिया नदी पर असम सरकार के एसओपीडी के तहत 247.87 करोड़ रुपए की लागत पर निर्माण होने वाले कंक्रीट पुल की आधारशिला  रखी। इस पुल के पूरे होने से तामुलपुर और बक्सा जिलों में सड़क परिवहन में एक नया क्षितिज खुलेगा और बेहतर परिवहन और संचार के माध्यम से शिक्षा, कृषि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और समृद्ध अर्थव्यवस्था और सामाजिक नीतियों के माध्यम से लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने कुमारिकाता-कौली-गुवाबाड़ी मार्ग पर मोटांगा नदी पर बने दो पुलों का, बाल्टी नदी पर एक और दक्षिण कुमारिकाता-नागरीजुली मार्ग पर मोटांगा नदी पर एक कंक्रीट पुल की आधारशिला रखी। आधारशिला स्थापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की जरूरतों को देखते हुए नागरीजुली में पुल निर्माण की आधारशिला रखी है। उन्होंने कहा कि लगभग 12 किमी की कुल लंबाई वाली कुमारीकाता-कौली-गुवाबारड़ी सड़क पूरे क्षेत्र के लिए संचार और परिवहन का एक महत्वपूर्ण साधन है। गौरतलब है कि इस सड़क के दोनों ओर शैक्षिक संस्थान, कृषि क्षेत्र, स्वास्थ्य और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। सीएम ने आगे कहा कि क्षेत्र के लोग परिवहन सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं लेकिन अब पुल के बनने से कुमारिकाता, साहेब तुपा, मेजगुरी, पुखुरीपार, कौली, चंदनपुर, नारायणपुर, हरिनचारा, बगारीखुटी नं. 2, बिमलानगर, रंग डांगरगांव, गैबारी आदि सहित जिले के कई गांवों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि दक्षिण कुमारिकाता को नागरीजुली से जोड़ने वाली सड़क पर निर्माण होने वाले पुल से दक्षिण कुमारिकाता, बटियामारी, बाताबाड़ी, लतीबाड़ी, चिंगरामारी, पकड़ीबाड़ी, दैमबाड़ी, कुसुमजुली, छाहपुर, बलतीपुर, नागरीजुली आदि क्षेत्रों के निवासियों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री तामुलपुर जिले के कचुबारी में प्रस्तावित नवीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के भूमि पूजन समारोह में शामिल हुए। तामुलपुर जिले के कचुबारी में प्रस्तावित नया मेडिकल कॉलेज और अस्पताल तामुलपुर जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में दूरगामी परिवर्तन लाएगा। मेडिकल कॉलेज का निर्माण 586 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित नये मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण से तामुलपुर जिले के लोगों की स्वास्थ्य सेवा पहले से बेहतर होगा। सीएम ने कचुगांव में आयोजित समारोह में असम सरकार की सुनहरा बचपन विकसित असम योजना के तहत बनाया गया 9 आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों और तामुलपुर और नागरीजुली में आदर्श विद्यालयों का भी वर्चुअली उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 5 दिसंबर से 19 दिसंबर तक विकास के लिए एक पखवाड़ा कार्यक्रम के माध्यम से विकास की भागीरथी यात्रा को असम के लोगों तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम शुरू किया है। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तामुलपुर सभी विभागों के जिला कार्यालयों वाला एक पूर्ण जिला होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की उदार वित्तीय सहायता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सहयोग और असम की जनता की सहयोगिता से आज असम और बीटीआर में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि तामुलपुर में अरुणोदय योजना के तहत 6,000 नए परिवारों को कवर किया जाएगा। प्रत्येक परिवार को 1250 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हजारों परिवारों को मुफ्त राशन कार्ड बांटने की योजना भी बनाई गई है। आधारशिला स्थापन तथा भूमि पूजन कार्यक्रम में असम विधानसभा के अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी, हस्तशिल्प, कपड़ा और रेशम मंत्री उरखाओ गौरा ब्रह्म, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री केशव महंत, बीटीसी के मुख्य कार्यकारी प्रमोद बोड़ो, बीटीसी के उप मुख्य कार्यकारी और विधायक गोविंद बसुमतारी, विधायक जोलेन दैमारी, विधायक भूपेन बोड़ो, बीटीसी विधान परिषद के अध्यक्ष कातिराम बोड़ो, बीटीसी प्रधान सचिव अनुराग गोयल, बीटीसी कार्यकारी सदस्य तथा असम सरकार के उच्च पदस्थ अधिकारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।