मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में राजनीतिक शून्यता को भरने में सक्षम है। उन्होंने राज्य नेतृत्व से अगली पीढ़ी के नेताओं को तैयार करने पर काम करने को कहा। पवार ने पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि (किसी भी राज्य में) हमेशा एक राजनीतिक शून्यता होती है, जिसे गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) ने भर दिया है।पवार ने कहा कि ऐसा खालीपन महाराष्ट्र में मौजूद है और राकांपा एक विकल्प के रूप में उभरकर इसे भर सकती है। हमें भाजपा की विचारधारा का विरोध करने वाली सभी ताकतों को एकजुट करने के लिए काम करना होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भले ही निकाय और स्थानीय निकाय चुनाव में विलंब हो रहा है, लेकिन राज्य में राकांपा नेतृत्व को आत्मसंतुष्ट नहीं होना चाहिए और इस समय का उपयोग नई पीढ़ी के नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए करना चाहिए। पवार ने कहा कि राकांपा 17 दिसंबर को मुंबई में राज्य सरकार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेगी।
राकांपा को महाराष्ट्र में राजनीतिक शून्यता को भरने के लिए काम करना चाहिए : पवार