लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने पिछले दिनों रामपुर विधानसभा उपचुनाव में ‘योजनाबद्ध तरीके से कम मतदान’ करवाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि कहीं यह समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अंदरूनी मिलीभगत का परिणाम तो नहीं है। मायावती ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा की जीत हुई, लेकिन रामपुर विधानसभा उपचुनाव में आजम खां की खास सीट पर योजनाबद्ध तरीके से कम मतदान करवाकर सपा की पहली बार हुई हार पर यह चर्चा काफी गर्म है कि कहीं यह सब सपा और भाजपा की अंदरूनी मिलीभगत का ही परिणाम तो नहीं? उन्होंने दूसरे ट्वीट में कहा कि इस बारे में खासकर मुस्लिम समाज को काफी चिंतन करने और समझने की जरूरत है, ताकि आगे होने वाले चुनावों में धोखा खाने से बचा जा सके। खतौली विधानसभा सीट पर भाजपा की हार को भी लेकर वहां काफी संदेह बना हुआ है। यह भी सोचने वाली बात है। रामपुर से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने मायावती की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि इस साल जून में हुए रामपुर लोकसभा उपचुनाव में रामपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में 31.5 फीसदी मतदान हुआ था, जबकि पिछली पांच दिसंबर को विधानसभा उपचुनाव के दौरान यह 35 प्रतिशत वोट पड़े, लिहाजा यह कहना गलत होगा कि वहां जानबूझकर कम मतदान कराया गया। सपा के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने आरोप लगाया कि बसपा भाजपा की ‘बी टीम’ के तौर पर काम करती है और हर चुनाव में वह अपना वोट भाजपा को दिलाने की हर मुमकिन कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि हालांकि, इस बार उपचुनाव में उसका यह प्रयास सफल नहीं हो सका और लोगों ने बसपा की मंशा को समझकर उसे खारिज कर दिया है।
रामपुर उपचुनाव नतीजों को लेकर मायावती ने सपा और भाजपा पर कसा तंज