पटना : बिहार में शराबंबदी को लेकर नीतीश सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस बीच सीएम नीतीश कुमार ने साफ कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में शराबबंदी कानून खत्म नहीं होगा। नीतीश की पार्टी जेडीयू की सहयोगी कांग्रेस जहां शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद महागठबंधन में सियासी घमासान मच सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना में आयोजित जेडीयू के खुला अधिवेशन में शराबबंदी पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शराब पीकर इंसान हैवान हो जाते हैं। कुछ लोग दारू पीकर खुद को बड़ा आदमी समझने लगते हैं। हमने महिलाओं की मांग पर ही शराबबंदी लागू की। इसका फायदा भी हुआ है। जितने लोग पहले शराब पीते थे, अब उतना नहीं पीते हैं। बिहार में शराबबंदी खत्म नहीं होगी। दूसरी ओर, जेडीयू की सहयोगी कांग्रेस ने बिहार में शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग की है। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने पिछले दिनों कहा कि शराबबंदी के बावजूद बिहार में खुलेआम दारू बिक रहा है।
नीतीश ने साफ-साफ कहा- कुछ भी हो जाए, बिहार में खत्म नहीं होगी शराबबंदी