जयपुर : राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार 17 दिसंबर को 4 साल पूरा करने जा रही है। राज्य रकार प्रदर्शनी के जरिये अपने 4 साल के कामकाज की उपलब्धियों को आमजन तक  पहुंचाएगी। राजधानी जयपुर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रम होंगे। खास बात यह कि सरकार की 4 साल की उपलब्धियों की इस प्रदर्शनी का उद्धघाटन दौसा के सिकंदरा में राहुल गांधी करेंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 18 दिसंबर को दौसा के सिकंदरा से गुजरेगी। इसके लिए सरकार ने 12 दिन तक जयपुर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक के कार्यक्रम तय किए हैं। आगामी 17 से 28 दिसंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसी कड़ी में मुख्य सचिव ऊषा शर्मा ने सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रमुख शासन सचिवों, शासन सचिवों को कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के उच्च अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि सरकार के 4 साल पूरे होने पर सभी विभागों के। 17 दिसंबर को जयपुर में सुबह 11 बजे जवाहर कला केंद्र में विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा. साथ ही सुजस एप की लॉचिंग होगी। प्रचार सामग्री और पुस्तिकाओं का अनावरण होगा। दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री निवास पर प्रेस कांफ्रेंस और लंच का आयोजन होगा। दूसरे दिन 18 दिसंबर से दौसा के सिकंदरा में सुबह 11 बजे प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। साथ ही लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। बताया जा रहा है इस दिन राहुल गांधी प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे और लाभार्थियों से संवाद होगा।19 से 26 दिसंबर तक स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग की ओर से मॉडल स्टेट राजस्थान, राजस्थान सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आदि विषयों पर निबंध, क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा. इसके साथ ही 22, 23 और 24 दिसंबर को समस्त जिला मुख्यालयों पर जिला प्रभारी मंत्री के की ओर से जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा. इसके अलावा 22 से 28 दिसंबर तक समस्त ग्राम पंचायत पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा।