गुवाहाटी : राज्य  की राजधानी गुवाहाटी की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में कथित रूप से नाकाम रहने के कारण गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर के पद से हरमित  सिंंह की छुट्टी कर दी गई है। साथ ही अब पुलिस कमिश्नर के पद पर दिगंत बोरा सुशोभित होंगे। मालूम हो कि इन दिनों महानगर गुवाहाटी और इसके आस-पास के इलाके में हत्या, चोरी, डकैती, छिनताई सहित अन्य घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है और हरमित सिंह उन पर नियंत्रण करने में विफल रहे। ऐसे में माना  जा रहा कि उनकी विफलता को देखते हुए उन्हें इस महती पद से हटाया गया है।उल्लेखनीय है कि गृह विभाग ने अपने एक निर्देश में गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त हरमीत सिंह सहित दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। राज्य सरकार के गृह विभाग के सचिव देव प्रसाद मिश्र ने एक निर्देश के जरिए  हरमीत सिंह, पुलिस आयुक्त, पुलिस आयुक्तालय, गुवाहाटी को विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) के पद पर तबादला कर दिया है। यह आदेश उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगा। हरमीत सिंह के स्थान पर दिगंत बोरा को गुवाहाटी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।  वे पहले गृह और राजनीतिक विभाग  में आयुक्त और सचिव के पर कार्यरत थे।  इसके अलावा सुधाकर सिंह, पुलिस उपायुक्त (पूर्व), गुवाहाटी को पुलिस अधीक्षक, नलबाड़ी, के रूप में स्थानांतरित कर दिया गया है।  दूसरी ओर पबिन्द्र कुमार नाथ, पुलिस अधीक्षक, नलबाड़ी का तबादला कर उन्हें कमांडेंट, द्वितीय एएफपीएफ बटालियन, सेकोनी, जखलाबंधा, नगांव भेज दिया गया है। सुरजीत सिंह पनेसर, कमांडेंट, प्रथम एपीबीएन, लिगिरीपुखुरी, शिवसागर का तबादला पुलिस उपायुक्त (पूर्व), पुलिस आयुक्तालय, गुवाहाटी के पद पर दिया गया है।