मथुरा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि केंद्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारें बनने के बाद विकास की जो प्रक्रिया शुरू की गई है, उसे जारी रखने के लिए स्थानीयों निकायों में भी भाजपा की जीत होना जरूरी है। आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय निकायों में भाजपा को जनादेश देकर ‘डबल इंजन’ की सरकार में ‘तीसरा इंजन’ भी जोड़ना चाहिए। वह मंगलवार को यहां सेठ बीएन पोद्दार स्कूल के खेल मैदान में आयोजित भाजपा ‘प्रबुद्ध वर्ग’ सम्मेलन को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। एक बयान के मुताबिक, उन्होंने मथुरा-वृंदावन में 822.43 करोड़ रुपए की 210 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। आदित्यनाथ ने कहा कि आठ महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में आपने भाजपा के सभी विधायकों को जिताकर भेजा। चुनावी विश्लेषकों की टिप्पि्णयों पर विराम लगाकर ब्रज भूमि ने साबित किया कि वह अत्याचार, शोषण, अन्याय, अधर्म व भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा हुआ। यही यहां का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि पांच साल में आपने मथुरा, बरसाना, नंदगांव, बलदेव, वृंदावन समेत बदलते ब्रज भूमि को देखा है। हमारा उत्तर प्रदेश देश के अन्य राज्यों की अपेक्षा सुंदर व स्वच्छ भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे में व्यवस्थित रूप से फोरलेन, एक्सप्रेसवे, हर घर नल, फ्लाईओवर, रोपवे, एलिवेटेड रोड आदि के कार्य हो रहे हैं। आदित्यनाथ के मुताबिक, विकास ही आमजन के जीवन में परिवर्तन लाएगा और देश में सबसे बड़ी आबादी वाले प्रदेश के नौजवानों को काम प्रदान करेगा, किसानों की आय में वृद्धि, उद्यमियों के व्यवसाय को बढ़ाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2017 में मथुरा-वृंदावन को हमें नगर निगम बनाने का सौभाग्य मिला। आपने निगम का पहला बोर्ड भाजपा का बनवाया। इसके बाद ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन से विकास को आगे बढ़ाया गया।
डबल इंजन’ सरकार में तीसरा ‘इंजन’ जोड़ने के लिए स्थानीय निकायों में भी भाजपा की जीत जरूरी : योगी