वॉशिंगटन/नई दिल्ली : अरुणाचल के तवांग में 9 दिसंबर को भारतीय और चीनी सैनिकों की झड़प के दो दिन बाद चीन ने अपने शिगात्से पीस एयरपोर्ट पर 10 एयरक्राफ्ट तैनात किए थे। इसका खुलासा सैटेलाइट इमेज में हुआ है। ये इमेज मैक्सार टेक्नोलॉजीज ने जारी की हैं। इसके मुताबिक भारत-चीन बॉर्डर यानी एलएसी से करीब 155 किलोमीटर दूर चीन की मिलिट्री एक्टिविटीज देखी गईं। चीन इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल मिलिट्री और सिविलियन पर्पज के लिए करता है। यहां चीनी एयरफोर्स के फाइटर जेट्स, हेलिकॉप्टर और ड्रोन्स तैनात किए गए हैं। यहां से भारतीय सीमा काफी करीब है। सैटेलाइट इमेज में 7 ड्रोन्स भी नजर आ रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर के पास वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच ताजा झड़प के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के भारत के प्रयासों का अमरीका ने समर्थन किया है। पेंटागन के प्रेस सचिव पैट राइडर ने एक बयान में कहा, हम स्थिति को नियंत्रित करने के भारत के प्रयासों का पूरा समर्थन करते हैं। हमने देखा है कि चीन की आर्मी हिंद प्रशांत क्षेत्र में हमारे सहयोगियों के खिलाफ आक्रामक रहती है। स्थिति पर हमारी नजर है। पेंटागन ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत को अहम साथी बताया है। पेंटागन की तरफ से कहा गया है कि यह चीन की आदत में शुमार हो गया है कि वह अमरीकी साथियों के प्रति आक्रामकता की नीति अपना रहा है। वहीं, वाइट हाउस की तरफ से इस बात पर खुशी जताई है कि चीनी सैनिकों को जल्द समझ आ गई है और वो पीछे हट गए। वाइट हाउस ने कहा कि हमें खुशी है कि भारत और चीन दोनों अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में झड़प के बाद जल्दी से पीछे हट गए। वाइट हाउस प्रेस सचिव काराइन जीन-पियरे ने कहा कि हम चाहते हैं कि दोनों पक्ष बातचीत के जरिए विवाद सुलझाए। स्थिति पर हम बारीक नजर रखे हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में शुक्रवार को भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प में दोनों पक्षों के सैनिकों को चोटें आईं। आमने-सामने के क्षेत्र में तैनात भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को करारा जवाब दिया। झड़प में घायल हुए चीनी सैनिकों की संख्या भारतीय सैनिकों की संख्या से अधिक है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने 9 दिसंबर को अरुणाचल के तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) का उल्लंघन करने से चीनी सेना को बहादुरी से रोका। अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में यांग्त्से में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमने-सामने होने पर पीएलए के सैनिक भारतीय सेना की तीन पैदल सेना रेजिमेंट इकाइयों के साथ भिड़ गए। भारतीय जवानों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर यथास्थिति को बदलने के चीन के प्रयास को विफल कर दिया था। जम्मू और कश्मीर राइफल्स, जाट रेजिमेंट और सिख लाइट इन्फैंट्री सहित तीन अलग-अलग बटालियनों से संबंधित सैनिक पिछले हफ्ते उस जगह पर मौजूद थे, जब चीन ने क्षेत्र में यथास्थिति को एकतरफा बदलने की कोशिश की थी।
तवांग झड़प के बाद चीन ने तैनात किए एयरक्राफ्ट मिलिट्री बेस की सैटेलाइट इमेज आईं सामने