जयपुर : भारत जोड़ो यात्रा का आज गुरुवार को राजस्थान में 11वां दिन है। राहुल गांधी की यात्रा में नेता, कलाकार, पूर्व अफसर, आम लोग सहित अन्य समाज और वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। सभी राहुल गांधी के साथ कदमताल कर आगे बढ़ रहे हैं। लगातार पैदल चलने के कारण कई युवा और लोग भी थक जाते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के रहने वाले करीब 90 साल करुणाप्रसाद मिश्रा बिना डरे और बिना रुके यात्रा में चल रहे हैं। कई बार राहुल गांधी करुणाप्रसाद से बात भी कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यात्रा में शामिल करुणाप्रसाद का कहना है कि वे पूर्व पीएम जवाहर लाल के समय से कांग्रेस और गांधी परिवार से जुड़े हुए हैं। लगातार पैदल चलने को लेकर वे कहते हैं कि हम तो यात्रा में शामिल होकर चल पड़े हैं, सफर तो तय कर ही लेंगे। उन्होंने बताया कि कई बार राहुल गांधी उनसे बात भी कर चुके हैं। राहुल ने उनसे बस में भी बैठने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। बुजुर्ग करुणाप्रसाद यात्रा में शामिल लोगों को आकर्षण का केंद्र हैं। उनकी ऊर्जा देकर हर कोई हैरान रह जाता है। उनके प्रति लोगों का जुड़ाव ऐसा है कि जहां हर कोई नहीं पहुंच पाता, वहां भी वह पहुंच जाते हैं, उन्हें कोई नहीं रोकता।