गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने सोमवार को गुवाहाटी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सरकारी विभागों के अधिकारी, उपायुक्तों, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रवर्तन के लिए किए गए उपायों, अरुणोदय 2.0 के तहत लाभार्थियों के चयन, अमृत सरोवर परियोजना के कार्यान्वयन और धान खरीद की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए सख्त उपायों  के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही डीसी और एसपी को सड़क सुरक्षा प्रोटोकॉल को लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाइक स्टंट, गति और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और राज्य भर में राष्ट्रीय राजमार्ग और महत्वपूर्ण सड़कों पर गश्त तेज करने को कहा। उन्होंने उपायुक्तों को सड़क हादसों की नियमित समीक्षा करने और नियमित रूप से दुर्घटना होने वाले स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को वर्ष के दौरान हुई सभी दुर्घटनाओं की विश्लेषणात्मक रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश देते हुए उपायुक्तों को सड़क की मरम्मत और अन्य मामलों को राज्य लोक निर्माण विभाग और एनएचआईडीसीएल के साथ प्राथमिकता के आधार पर लेने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना मुक्त नव वर्ष सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए सभी जिलों को निर्देश दिया कि आने वाले वर्ष में इस अवधि के दौरान दुर्घटनाओं में न्यूनतम 20 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। उन्होंने पिकनिक स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर तेज गति से वाहन न चलाए। मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को कहा कि पिकनिक स्थलों पर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अरुणोदय 2.0 के तहत हितग्राहियों के चयन की गाइडलाइन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने उपायुक्तों को 10 अप्रैल तक निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने और चल रही चयन प्रक्रिया के माध्यम से एक घर एक लाभार्थी मानदंड सुनिश्चित करने के लिए कार्य करने का निर्देश दिया।