पर्यावरण पर परियोजनाओं के प्रभाव का आकलन करने वाली दो सरकारी समितियों ने दिल्ली में विकास कार्यों के लिए अवैध भूजल निकासी को रोकने के प्रयास के तहत सिफारिश की है कि उपयोगकर्ता एजेंसियां अपने परिसर में पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) के लिए प्रौद्योगिकी स्थापित करें। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विकास परियोजनाओं के लिए पर्यावरण मंजूरी के बारे में सरकार को सलाह देने वाली दिल्ली राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (एसईएसी) के एक सदस्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस कदम से जल आपूर्ति के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) जैसे विभागों पर उपयोगकर्ता एजेंसियों की निर्भरता कम होगी और उनके काम में देरी को रोका जा सकेगा। अक्तूबर और नवंबर में एसईएस और राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) की कई बैठकों में इस मुद्दे पर चर्चा की गई थी। सदस्य ने कहा कि दोनों समितियों का विचार है कि पानी की गैर तर्कसंगत आपूर्ति या डीजेबी से आपूर्ति नहीं होने से काम में देरी होती है और विकास परियोजनाओं के लिए भूजल की अवैध निकासी होती है।