लखनऊ : कोविड के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा रोकने संबंधी पत्र लिखे जाने के बीच यात्रा की प्रांतीय समन्वय समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने बृहस्पतिवार को कहा कि यात्रा नहीं रोकी जाएगी। खुर्शीद ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी यात्रा में कोविड से बचाव संबंधी तमाम सावधानियों का पालन सबसे पहले हर हाल में करेगी, लेकिन यात्रा नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी। उनसे सवाल पूछा गया था कि मांडविया ने राहुल को पत्र लिखकर यात्रा रोकने के लिये कहा है तो क्या यात्रा कार्यक्रम पर इसका असर पड़ेगा। यात्रा की उत्तर प्रदेश समन्वय समिति के अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पार्टी और व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है। कांग्रेस की इस यात्रा से सरकार डर गई है इसीलिए तरह-तरह की आदेश और पत्र जारी किए जा रहे हैं। जिन्हें कोविड से डर नहीं लगा वे यात्रा से डर गये। हम किसी पत्र को गम्भीरता से नहीं लेंगे। खुर्शीद ने एक अन्य सवाल पर कहा कि पार्टी यात्रा निकालने के लिए संबधित प्रशासन से जरूरी अनुमति लेती है। अगर भाजपा सरकार ने प्रशासन के जरिए भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की कोशिश की तो उसे लोकतांत्रिक संस्थाओं को जवाब देना पड़ेगा। संसद में मास्क को अनिवार्य किये जाने और प्रधानमंत्री के मास्क पहनकर सदन पहुंचने के बारे में पूछे गए एक सवाल पर खुर्शीद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे थियेटर आर्टिस्ट हैं। उत्तर प्रदेश में यात्रा के कार्यक्रम के बारे में उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा आगामी तीन जनवरी को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। उसके बाद वह बागपत और शामली होते हुए हरियाणा में दाखिल हो जाएगी।
कोविड के मद्देनजर हर सावधानी बरतेंगे मगर नहीं रुकेगी भारत जोड़ो यात्रा : खुर्शीद