नई दिल्ली : साहित्य अकादमी ने वर्ष 2022 के लिए अपने प्रतिष्ठित ‘साहित्य अकादमी’ और ‘साहित्य अकादमी अनुवाद’ पुरस्कारों की बृहस्पतिवार को घोषणा की। अकादमी के सचिव के. श्रीनिवास राव के मुताबिक हिंदी के लिए बद्री नारायण, अंग्रेजी के लिए अनुराधा रॉय और उर्दू के लिए अनीस अशफाक समेत 23 भारतीय भाषाओं के लेखकों को वर्ष 2022 के प्रतिष्ठित ‘साहित्य अकादमी पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुवाद पुरस्कार की श्रेणी में हिंदी में तकनीकी कारणों से पुरस्कार का ऐलान नहीं किया गया है। राव ने बताया कि अंग्रेजी में एन कल्याण रमन, उर्दू में रेणु बहल और पंजाबी में भूपिंदर कौर ‘प्रीत’ को ‘साहित्य अकादमी अनुवाद’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नारायण को हिंदी में उनके कविता संग्रह ‘तुमड़ी के शब्द’ के लिए प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उनके मुताबिक रॉय को अंग्रेजी में उनके उपन्यास ‘ऑल द लाइव्स वी नेवर लिव्ड’ के लिए तथा उर्दू में अशफाक को उनके उपन्यास ‘ख्वाब सराब’ के लिए ‘साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उन्होंने बताया कि इनके अलावा संस्कृृत में जनार्दन प्रसाद पांडेय ‘मणि’ को ‘दीपमाणिक्यम्’ (कविता संग्रह) के लिए, मैथली में अजित प्रसाद को ‘पेन-ड्राइवमे पृथ्वी’ (कविता-संग्रह) के लिए, मराठी में प्रवीण दशरथ बांदकर को ‘उजव्या सोंडेच्या बाहुल्या’ (उपन्यास) के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा। राव के मुताबिक, कश्मीरी में फारूक फयाज को उनकी साहित्यक समालोचना ‘जायल डब’ के लिए, गुजराती में गुलाम मोहम्मद शेख को आत्मकथात्मक निबंध ‘घेर जतां’ के लिए, नेपाली में केबी नेपाली को उनके नाटक ‘साइनो’ के लिए, पंजाब में सुखजीत को कहानी संग्रह ‘ मैं अयंतघोष’ के लिए मुख्य पुरस्कार से पुरस्कृृत किया जाएगा। सचिव ने बताया कि 23 भाषाओं के लिए घोषित इन पुरस्कारों में सात कविता संग्रह, छह उपन्यास, दो कहानी संग्रह, दो साहित्य समालोचना, तीन नाटक और एक आत्मकथा समेत अन्य कृृतियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बांग्ला भाषा में पुरस्कार का ऐलान तकनीकी कारणों से कुछ दिनों के बाद किया जाएगा। वहीं अनुवाद पुरस्कारों के बारे में राव ने बताया कि लेखिका सबा नकवी के अंग्रेजी में लिखे कथेतर साहित्य ‘इन गुड फेथ’ का मराठी में ‘सलोख्याचे प्रदेश, शोध सहिष्णू भारताचा’ शीर्षक से अनुवाद करने के लिए प्रमोद मुजुमदार को साहित्य अकादमी अनुवाद पुरस्कार दिया जाएगा। सचिव के मुताबिक, माधव कौशिक के हिंदी में लिखे कविता संग्रह ‘सुनो राधिका’ का इसी शीर्षक से उर्दू में तर्जुमा करने के लिए रेणु बहल को भी अनुवाद पुरस्कार दिया जाएगा।A
हिंदी में बद्री नारायण व अंग्रेजी में अनुराधा रॉय को साहित्य अकादमी