गुवाहाटी : हाल ही में राज्य में अपराध आम हो गया है। ऐसा लगता है कि हत्या, अपहरण, चोरी और डकैती आदि आज एक नियमित घटना बन गई है।  राज्य में ऐसी को जगह नहीं है जहां कोई आपराधिक घटना नहीं घट रही है, और जगह की बात तो अलग है, असम विधानसभा के विधायक आवास से कड़ी सुरक्षा में बुधवार रात को चोर एक सरकारी बोलेरो उड़ा ले गए। गौरतलब है कि गुवाहाटी महानगर में राज्य में सबसे ज्यादा पुलिस बल तैनात होने के बावजूद आज यह किसी के लिए भी सुरक्षित नहीं है। गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत 20 थाना और 17 पुलिस चौकियां हैं। फिर भी गुवाहाटी की गलियों में महिलाओं से पिस्तौल दिखाकर धमकी देते हुए सोने के गहने तथा पैसे लूटने की घटनाएं लगातार घट रही हैं। राजधानी शहर में भी  बच्चों के अपहरण की घटनाएं घट रही हैं। गौरतलब है कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा करने में नाकाम रहने के अलावा पुलिस ज्यादातर आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों का पता लगाने में भी नाकाम  है। सीसीटीवी कैमरों के सामने ही कई जघन्य अपराध घटे हैं। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा कोई भी अपराधियों के हथौड़े से नहीं बच पाए हैं । राज्य में हालिया बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा काफी चिंतित हैं। वृहस्पतिवार को मीडिया के सामने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समस्या हमारी चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक महीने से गुवाहाटी में कई तरह की डकैती और कार चोरी आदि  घटनाएं घट रही हैं। मैं भी इसके बारे में सोच रहा हूं। यह चिंता का कारण है। गुवाहाटी पुलिस ने अतीत में इस तरह की समस्याओं को सफलतापूर्वक हल किया। यह  कुछ समय की बात है। हम सभी अपराधों का पता लगाने में कामयाब होंगे। दूसरी ओर नवनियुक्त गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बोरा मीडिया से कहा कि महानगर में बढ़ते अपराध को नियंत्रण करने के लिए पुलिस की टीम पूरी तरह लगी हुई है। हम कड़ी मेहनत करेंगे और अपराध पर हमारा नियंत्रण होगा। उन्होंने बीती रात की महिला के साथ हुई घटना के बारे में कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच-पड़ताल की जा रही है अगर आरोपी का दोष होगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने असम इंजीनियरिंग संस्थान में रैगिंग के मामले और असम विधान सभा के परिसर से एक कार की चोरी सहित अन्य घटनाओं पर कहा कि रैगिंग के मामले में हमने पीड़िता की शिकायत के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है हालांकि, हमारे पास अब तक उनमें से केवल दो के खिलाफ प्रणाण मिले हैं। पुलिस आयुक्त बोरा ने वाहन चोरी की घटना के बारे में कहा कि हमें विधायक आवास से एक बोलेरो वाहन की चोरी की सूचना मिली। मामले के संबंध में हम कार के चालक से जानकारी के लिए पूछताछ कर रहे हैं। हमने उस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज को पुनः प्राप्त कर लिया है। हम यह भी देख रहे हैं कि पूरे दिन में कार कहां-कहां गई। इसके अलावा उन्होंने आश्वाासन दिया कि बढ़ते अपराधों और इससे निपटने के तरीकों पर लगातार चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस काम कर रही है और हमें उम्मीद है कि पुलिस की कड़ी मेहनत जल्द रंग लाएगी। उल्लेखनीय है कि बीती रात एक साथ कई अपराधिक घटनाएं होने और इन तमाम मामलों को सदन में उठाने के कारण पुलिस  की निंद उड़ गई है। पुलिस आयुक्त ने पूरी टीम के साथ गुवाहाटी में अपराध मुक्त शहर की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है।