गुवाहाटीः मुख्यमंत्री डा. हिमंत विश्वशर्मा ने रविवार को खानापाड़ा स्थित वेटरनरी कॉलेज खेल मैदान में गुणोत्सव पुरस्कार 2022 वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। असम सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग की एक पहल गुणोत्सव पुरस्कार 2022 को कुल 4,841 स्कूलों को प्रदान किया गया, जो पिछले गुणोत्सव मूल्यांकन में ए ग्रेड हासिल करने में कामयाब रहे। इनमें से प्रत्येक स्कूल को नकद रुपए और प्रोत्साहन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि गुणोत्सव पुरस्कार 2022 स्कूलों में दी जा रही शिक्षा के मूल्यांकन  की कोशिश है, ताकि अगर कोई भी स्कूल  किसी समस्या से जूझ रहा है तो उसे जल्द निपटाकर अध्ययन का माहौल बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका के बारे में बताते हुए कहा कि वाजपेयी द्वारा समाज के सभी वर्गों के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार के लिए काफी प्रयास किए गए। मुख्यमंत्री ने गुणोत्सव को लिखित परीक्षा की पारंपरिक प्रणाली के बजाए स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को मापने के लिए एक वैकल्पिक पद्धति के रूप में उल्लेख करते हुए इसे निरंतर मूल्यांकन की एक प्रक्रिया करार दिया जो हितधारकों को मजबूती के  साथ कमजोर बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करने में सक्षम बनाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणोत्सव को एक ऐसा माध्यम बनाया गया है कि इसके माध्यम से असम के शैक्षिक वातावरण को समग्र रूप से राज्य की बेहतरी के लिए मौलिक रूप से बदला जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े सभी लोगों से अपने कंर्फ्ट जोन से बाहर आने की अपील करते हुए कहा कि असम को सभी मोर्चों पर सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक में बदलने का लक्ष्य शिक्षा के समान प्रसार के बिना संभव नहीं होगा। इस मौके पर विभागीय मंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।