गुवाहाटी : एक साल के अंतराल के बाद गणतंत्र दिवस पर केंद्रीय परेड में असम फिर से चमकेगा। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने 26 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाली परेड के लिए असम की झांकी को मंजूरी दे दी है। इस वर्ष के गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय परेड में असम की झांकी का विषय है- असम : वीर और अध्यात्म की भूमि। राष्ट्रीय परेड की झांकी में सरायघाट की लड़ाई के महानायक वीर सेनापति लाचित बरफुकन और शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय परेड में अहोम साम्राज्य के प्रतीक शिवसागर स्थित रंगघर और शिवदौल भी शामिल होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में 20 सदस्यीय बिहू कलाकारों का समूह भी शामिल होगा। असम सरकार प्रतीक चिह्न पर कुल 35 लाख रुपए खर्च करेगी। गौरतलब है कि फंड के अभाव में असम 2021 की राष्ट्रीय परेड में हिस्सा लेने से वंचित रह गया था। वित्त विभाग द्वारा आवश्यक धनराशि जारी नहीं करने के बाद रक्षा मंत्रालय ने अंतिम समय में असम के आवेदन को खारिज कर दिया था।