गुवाहाटी : इस साल जनवरी में ही देश का नया राज्य कमतापुर गठित होने की संभावना है। लंबे समय से चली आ रही अटकलों और एक अलग राज्य के गठन की मांग को समाप्त करते हुए केंद्र सरकार को 26 जनवरी से पहले कमतापुर लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (केएलओ) के साथ एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने की उम्मीद है। विद्रोही समूह ने एक बयान में कहा कि उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली सरकार के साथ शांति वार्ता लगभग पूरी कर ली है। केएलओ के डीप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ सूर्य कोंच का बयान विशेष महत्व रखता है कि नए साल की शुरुआत में कमतापुर में एक नया सूरज उदित होगा। यदि विद्रोही समूह के दावे सही हैं, तो भारत सरकार कमतापुर को एक नया केंद्र शासित प्रदेश बनाएगी, जिसमें दक्षिणी असम के छह जिले और पड़ोसी पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्से शामिल होंगे। अलग कमतापुर राज्य में असम के बंगाईगांव, चिरांग, कोकराझाड़, धुबड़ी, दक्षिण शालमारा और ग्वालपाड़ा जिले शामिल होंगे। कामतापुर के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए केएलओ ने पहले पांच सदस्यीय शांति समिति का गठन किया था। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल और दक्षिणी असम में प्रभाव रखने वाले शिव शक्ति धर्म के प्रचारक अनंत महाराज को भी कमतापुर के लिए प्रचार करते देखा गया था। उनके न केवल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ घनिष्ठ संबंध हैं, बल्कि वे नए कमतापुर राज्य के गठन पर केंद्रीय गृह मंत्री के साथ अनौपचारिक बैठकें भी कर चुके हैं। इसी सिलसिले में कुछ दिन पहले चिरांग में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अनंत महाराज ने कहा कि वे एक अलग कमतापुर को मान्यता देंगे। हाल ही में केएलओ चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जीवन सिंह ने मीडिया को एक वीडियो संदेश भेजकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अलग कमतापुर के गठन की मांग में सहयोग करने का आग्रह किया था। विद्रोही नेता ने एक अलग कमतापुर के गठन पर उनकी प्रतिक्रिया के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को भी धन्यवाद दिया। इस बार केएलओ के उप सेना प्रमुख सूर्य कोंच ने एक बयान में घोषणा की कि केंद्र सरकार के साथ शांति वार्ता लगभग पूरी हो गई है। उन्होंने यह पुष्टि की है कि विद्रोही समूह शांति वार्ता और समझौते पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया में प्रवेश करेगा। अगर शांति वार्ता पूरी होती है तो केएलओ के हथियार डालने की भी संभावना है।
जनवरी में ही होगा कमतापुर राज्य का गठन!