नई दिल्ली : भारत में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 173 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 2 मरीजों की मौत हो गई है। देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 1698 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 220.10 करोड़ वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 64 हजार 239 डोज दिए गए। इससे पहले शनिवार को 226 नए केस दर्ज किए गए थे। वहीं शुक्रवार को 243 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे। शनिवार को गुजरात में पहला एक्सबीबी.1.5 वैरिएंट का केस मिला, यह ओमिक्रोन का म्यूटेशन है। देश में बढ़ते कोरोना के बीच तेलंगाना में 900 डॉक्टर और 5000 स्टॉफ नर्सों की भर्ती की जाएगी। रविवार यानी 1 जनवरी से भारत में चीन जैसे 6 देशों से आने वालों के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट अनिवार्य हो गया है। देशभर में मंगलवार को कोरोना से निपटने के लिए तैयारियों को लेकर कोविड हेल्थ सेंटर्स में मॉक ड्रिल की गई थी। देशभर में मंगलवार को कोरोना से निपटने के लिए तैयारियों को लेकर कोविड हेल्थ सेंटर्स में मॉक ड्रिल की गई थी। उत्तर प्रदेश में कोविड मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। शनिवार को यहां कोरोना के 7 नए केस सामने आए हैं। गोरखपुर के महाराजगंज जिले में एक ही दिन में 3 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इसके अलावा गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और प्रयागराज में भी 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल प्रदेश में कुल 50 एक्टिव केस हैं। इनमें से 43 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। बाकी अस्पतालों में भर्ती हैं। ाजस्थान में कोविड वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है। हेल्थ डिपार्टमेंट ने केंद्र सरकार को वैक्सीन की डिमांड भिजवा दी है। वैक्सीन अगले साल के पहले सप्ताह तक उपलब्ध होने का अनुमान है। डिपार्टमेंट ने इन दोनों वैक्सीन की कुल 10 लाख डोज की डिमांड भेजी है। वहीं, पिछले 7 दिनों की रिपोर्ट देखें तो पॉजिटिविटी रेट का काफी कम होना राहत की बात है। हरियाणा में कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच सक्रिय मामले बढ़ गए हैं। 24 घंटे में इनकी संख्या बढ़कर 20 पहुंच गई है। चिंताजनक बात यह है कि जिलों में लगातार नए केस मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुग्राम सहित दो अन्य जिलों में 5 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क जरूर पहनें। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 14 नए केस मिले हैं। इसके बाद राजधानी में कोरोना की संक्रमण दर 0.34प्रति. हो गई है। गनीमत यह रही कि शनिवार को दिल्ली में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच गुजरात में पहला एक्सबीबी.1.5 वैरिएंट का केस मिला है। यह ओमिक्रॉन का म्यूटेशन है। अमरीका में यह सबसे तेजी से फैल रहा है। वहां अभी तक इसके 40प्रति. से ज्यादा मामले हैं।
देश में कोरोना का खतरा : 24 घंटे में मिले 173 नए केस, दो की मौत