नई दिल्ली : चीन, अमरीका, दक्षिण कोरिया, जापान सहित दुनिया के कई देशों में कोहराम मचाने वाले कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का सबसे खतरनाक सबवैरिएंट एक्सबीबी 1.5 अब भारत में भी दस्तक दे दी है। कोरोना का ये सब वैरिएंट अमरीका में सबसे पहले पाया गया था। भारत में भी इसके पांच मामले सामने आ चुके हैं। इनमें तीन संक्रमित गुजरात, जबकि कर्नाटक और राजस्थान में एक-एक मामले सामने आए हैं। कोरोना का ये सब वैरिएंट काफी खतरनाक बताया जा रहा है। अमरीका में कोरोना से संक्रमित होने वाले 44 प्रतिशत लोगों में यही सब वैरिएंट पाया गया है। कोरोना का नया सब वैरिएंट एक्सबीबी 1.5 अब तक का सबसे संक्रामक वैरिएंट बताया जा रहा है। इसकी रफ्तार पहले के वैरिएंट से 104 गुना ज्यादा तेज है। ये कोरोना के दो वैरिएंट्स के दोबारा मिलने से बना है। विशेषज्ञों का कहना है कि बीजे1 और बीएम 1.1.1 नाम के दो कोरोना वैरिएंट आपस में मिले, तो इन दोनों का डीएनए यानी जेनेटिक मैटेरियल आपस में मिल गया। इससे एक्सबीबी बना।  कोरोना का ये सब वैरिएंट इंसान के शरीर में घुसने के बाद सबसे पहले कोशिका के प्रोटीन पर असर करता है। ये शरीर के अंदर संक्रमण फैलने का पहला स्टेज है। इस वायरस की कोशिका से चिपकने की कैपेसिटी बाकी वैरिएंट के मुकाबले ज्यादा है। यही वजह है कि ये ज्यादा से ज्यादा लोगों को संक्रमित करता है। इसका असर संक्रमित व्यक्ति की छाती के ऊपरी हिस्से पर ज्यादा होता है। हालांकि, राहत की बात ये है कि डेल्टा वैरिएंट की तरह ये सीधे फेफड़ों पर असर नहीं करता है। यही कारण है कि इससे जान जाने का खतरा कम हो जाता है। हालांकि, अगर फिर से इस सब वैरिएंट ने रूप बदला तो ये जानलेवा भी हो सकता है। विशेषज्ञों की मानें तो ये वैरिएंट इतना खतरनाक है कि ये इंसान के शरीर में कोरोना वैक्सीन को भी बेअसर कर देता है। मतलब वैक्सीनेशन और प्राकृतिक तरीके से शरीर में बनी एंटी बॉडीज को बेअसर करके संक्रमण फैलाता है।