पटना :  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले देश भर की यात्रा पर निकल सकते हैं। सीएम नीतीश ने गुरुवार को पश्चिमी चंपारण में समाधान यात्रा की शुरुआत की। इसके जरिए वे बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान उनसे बिहार के बाद देशभर की यात्रा के बारे में सवाल पूछा गया। उन्होंने समाधान यात्रा के पहले दिन ही उनका आगामी प्लान बता दिया। उन्होंने संकेत दिए कि वे बिहार में समाधान यात्रा करने के बाद देश की यात्रा पर निकल सकते हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2024 के आम चुनाव से पहले विपक्ष को एकजुट करने में जुटे हैं। उन्हें विपक्ष का पीएम कैंडिडेट भी माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को पश्चिमी चंपारण जिले के दरुआबारी गांव से अपनी समाधान यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछा कि क्या उनका बिहार के बाद देश की यात्रा का कोई प्लान है? इस पर सीएम नीतीश ने जवाब दिया कि अभी वे बिहार में घूम-घूमकर यहां के कार्यों को जायजा लेने वाले हैं। एक बार अपने गृह राज्य बिहार को देख लें, कहीं कुछ काम बाकी रह गया है तो पूरा कर लें। सीएम नीतीश ने कहा कि उनकी समाधान यात्रा फरवरी तक चलेगी। इसके बाद विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो जाएगा। उसके बाद देश की यात्रा पर निकलने के बारे में देखेंगे। सीएम नीतीश के इस बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि मार्च 2023 से वे अन्य राज्यों की यात्रा पर निकल सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नजरें राष्ट्रीय राजनीति पर टिकी हुई है। महागठबंधन के साथ बिहार में सरकार बनाने के बाद उन्होंने ऐलान किया कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करेंगे।