श्रीनगर : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात को काबू करने में नाकाम रही है और वह समुदायों को बांटने के अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय लोगों को हथियारों से लैस कर रही है। मुफ्ती ने कहा कि लोगों को हथियारों से लैस करने से डर, शक और नफरत का माहौल पैदा करने का भाजपा का एजेंडा ही पूरा होगा। यह एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ खड़ा कर देगा। वह अनंतनाग जिले में अपने पिता तथा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी के संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद की कब्र पर ‘फातिहा’ पढ़ने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राजौरी हमले के मद्देनजर ग्राम रक्षा समितियों को हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराने के कदम ने भाजपा के उन दावों की पोल खोल दी है कि अनुच्छेद 370 को रद्द करने के बाद जम्मू-कश्मीर में स्थिति सामान्य हो गई है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर ऐसा होता तो क्यों जम्मू-कश्मीर में और सुरक्षा कर्मियों को लाया जाता? क्यों स्थानीय लोगों को हथियार दिए जाते? पीडीपी नेता ने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा हालात काबू करने में नाकाम हुई है। अब वे इन कदमों से लोगों को परेशान करना चाहते हैं और खून-खराबा बढ़ाना चाहते हैं। मुफ्ती ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की समस्याओं को राजनीतिक समाधान की जरूरत है और ये सेना के जरिए हल नहीं की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर कोई भी ताकत अपने ही लोगों के खिलाफ जंग नहीं जीत सकती। जम्मू-कश्मीर पहले से ही फौजी छावनी है, यहां फौज की कोई कमी नहीं है।
भाजपा जम्मू-कश्मीर के हालात संभालने में हुई नाकाम : मुफ्ती