मुंबईः अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या की मुख्य आरोपी और पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी ने एक बड़ा दावा किया है। इंद्राणी ने विशेष सीबीआई अदालत से कहा कि उसके दो वकीलों ने शीना बोरा जैसी एक महिला को गुवाहाटी हवाईअड्डे पर देखा है। उसने वहां का सीसीटीवी फुटेज हासिल करने का अनुरोध भी किया। मुखर्जी ने इसके संबंध में वकीलों द्वारा अदालत में एक याचिका भी डाली है। अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को मुखर्जी की याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने का  निर्देश दिया है। इंद्राणी मुखर्जी ने साल 2021 दिसंबर महीने भी कहा था कि शीना बोरा जिंदा है और वो कश्मीर में है।  बता दें कि सीबीआई के मुताबिक बोरा की अप्रैल 2012 में इंद्राणी मुखर्जी, उनके ड्राइवर श्यामवर राय और पूर्व पति संजीव खन्ना ने चलती कार में कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। उसके शव को रायगढ़ जिले के एक जंगल में कथित तौर पर जला दिया गया था। गौरतलब है कि ड्राइवर राय को एक अन्य मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद 2015 में इस कथित हत्या का मामला सामने आया था। कथित तौर पर साजिश का हिस्सा होने के मामले में इंद्राणी मुखर्जी के पति और पूर्व मीडिया बैरन पीटर मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया गया था। उन्हें फरवरी 2020 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी, जबकि इंद्राणी मुखर्जी को सुप्रीम कोर्ट से पिछले साल मई में राहत मिली थी।