गुवाहाटी : राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों और निदेशालयों को एक अप्रैल से कागज की जगह शत प्रतिशत ऑनलाइन ई-फाइल सिस्टम लागू करना होगा। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग गोयल ने मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा के विशेष निर्देश पर आयुक्त सचिवों, प्रमुख सचिवों, सभी विभागों के निदेशकों और राज्य के सभी विभागों के मुख्य अभियंताओं को तत्काल नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि विभागों और निदेशालयों को 31 मार्च तक फिजिकल फाइल सिस्टम से पूरी तरह से ई-फाइल सिस्टम में स्विच करना होगा। सभी विभागों व निदेशालयों का प्रशिक्षण 12 जनवरी तक पूर्ण हो जाना चाहिए। सभी आयुक्तों और निदेशालयों को सरकारी ई-मेल आईडी और वीपीएन खाते खोलने की आवश्यकता है। 13 जनवरी को सभी विभागों को ई-ऑफिस खातों को एनआईसी के साथ अटैच करना होगा। सभी विभागों एवं निदेशालयों की कम से कम एक ई-फाइल का 21 जनवरी तक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में निस्तारण किया जाना चाहिए। प्रत्येक विभाग के आयुक्त और निदेशक यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके कार्यालयों में एनआईसी नेट कनेक्टिविटी हो सीएम का लक्ष्य राज्य के सभी सरकारी विभागों को पेपरलेस बनाना और उन्हें ई-फाइल या ऑनलाइन सिस्टम से कवर करना है। राज्य के सूचना प्रोद्योगिकी विभाग अप्रैल से सीएम की मनोकामना पूरी करने के लिए भरसक कोशिश कर रहा है।