गुवाहाटी : साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता तथा आमार असम समाचार पत्र के प्रधान संपादक मनोज कुमार गोस्वामी को निपोन गोस्वामी मान्यता पुरस्कार 2022 प्रदान किया जाएगा। निपोन गोस्वामी के सुपुत्र अभिनेता सिद्धार्थ गोस्वामी ने बुधवार को गुवाहाटी प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उपरोक्त आशय की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि आरके यूनिवर्स एक ऐसा संगठन है जो पहले से ही विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों को अंजाम दे चुका है और वर्तमान में निपोन गोस्वामी की महिमा और स्मृति को जीवित रखने के उद्देश्य से फैशन, फिल्म, संगीत एल्बम और धारावाहिक आदि बनाने का प्रयास कर रहा है। इसके अलावा संगठन 2022 वर्ष के लिए मानव कल्याण सेवाओं- जैसे खेल, शांति, शिक्षा और स्वास्थ्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को निपोन गोस्वामी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, निपोन गोस्वामी मान्यता पुरस्कार की एक श्रृंखला प्रदान करेगी। इन पुरस्कारों के चयन के लिए एक विशेष चयन समिति का गठन किया गया था। समिति में अनुभवी सांस्कृतिक पत्रकार और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक शिवानु बोरा, अभिनेता और संगीत निर्देशक भगवत प्रीतम दत्त और संगीतकार दिगंत शर्मा शामिल थे। समिति के निर्णय के अनुसार मीडिया सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मनोज कुमार गोस्वामी, पुलिस सेवा में उत्कृृष्ट योगदान के लिए पार्थ सारथी महंत और खेल में उत्कृृष्ट योगदान के लिए नयनमणि सैकिया को निपोन गोस्वामी मान्यता पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके साथ-साथ दिनेश दास (अभिनय) और द्विपेन बरुवा (संगीत) को निपोन गोस्वामी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया। सभी पुरस्कार मार्च में ज्योति चित्रबन फिल्म स्टूडियो, गुवाहाटी के रुद्र प्रसाद बरुवा हॉल में शाम 5 बजे आयोजित होने वाले समारोह में प्रदान किए जाएंगे। आरके यूनिवर्स के स्वत्वाधिकारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता रुनामणि कौशिक और उनके पति तथा आरके यूनिवर्स के मालिक कुंतल कुमार कौशिक ने घोषणा की कि उनका प्रयास जारी रहेगा और आने वाले दिनों में कुछ नए शीर्षक भी जोड़े जाएंगे। प्रेस कॉंफ्रेंस में अभिनेत्री किंकिनी गोस्वामी, शिवानु बोरा, भगवत प्रीतम दत्त, दिगंत शर्मा, दीपक कुमार राय, फैशन इवेंट मैनेजर ध्रुवज्योति शर्मा, अभिनेत्री प्राची कुणाल कौशिक,आरके यूनिवर्स के स्वत्वाधिकारी रुनामणि कौशिक और उनके पति कुंतल कुमार कौशिक थे।
मनोज कुमार गोस्वामी को निपन गोस्वामी मान्यता पुरस्कार