नई दिल्ली : भाजपा ने 2023 में 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को पार्टी कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुई। इस दौरान अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले 2023 में नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से जीत दर्ज करने के लिए कमर कसने का आह्वान किया गया।
बैठक मंगलवार को भी जारी रहेगी। बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद मार्ग के पटेल चौक से लेकर कन्वेंशन सेंटर तक 15 मिनट का रोड शो किया। इसके बाद वे सीधे कार्यकारिणी की बैठक में पहुंचे और विधिवत कार्यक्रम का उद्घाटन किया। बैठक के बारे में भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कमजोर बूथों की पहचान कर उस पर मजबूती से काम करने को कहा। पार्टी ने ऐसे 72 हजार बूथों की पहचान की है। अब तक 1 लाख 32 हजार बूथों पर पार्टी पहुंच भी चुकी है।
प्रसाद ने बताया कि अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि साल 2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमें नौ प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूरी कार्यकारिणी से आह्वान किया कि चुनाव के लिए कमर कस लें, हमें सभी नौ राज्यों में जीत दर्ज करनी है। उल्लेखनीय है कि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने के लिए पिछले कुछ समय से कई सारी कवायदें कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह 2024 में केंद्र में तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में वापस आए। नड्डा ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत भारत की प्रगति की सराहना की।
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, मोबाइल फोन की दूसरी सबसे बड़ी निर्माता, ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तीसरी सबसे बड़ी निर्माता बन गई है। उन्होंने कहा कि पहले जहां हर दिन 12 किलोमीटर राजमार्ग बनाया जाता था, वहीं आज यह बढ़कर 37 किलोमीटर हो गया है। उन्होंने कहा कि देश ने मुफ्त अनाज सहित कई कल्याणकारी योजनाओं के साथ गरीबों को सशक्त बनाने के लिए भी काम किया है। नड्डा ने हालिया गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को असाधारण और ऐतिहासिक बताते हुए इसकी प्रशंसा की और कहा कि 182 सदस्यीय विधानसभा में 150 से अधिक सीट जीतना एक बड़ी उपलब्धि है।