गुवाहाटी : राज्य सरकार ने एक लाख युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे को पूरा करने  के क्रम में आज बृहस्पतिवार को 828 नए उम्मीदवारों को आधिकारिक तौर पर नियुक्ति पत्र जारी कर दिए। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा की ओर से स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री केशव महंत और भूमि आरक्षण मंत्री उर्खाओ गौरा ब्रह्म ने बृहस्पतिवार  की दोपहर गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री की ओर से नवनियुक्त उम्मीदवारों  को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में राज्य के मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर, अतिरिक्त मुख्य सचिव रविशंकर प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अविनाश जोशी, चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव सिद्धार्थ सिंह और एनएसएम असम मिशन निदेशक डॉ. एम एस लक्ष्मी प्रिया भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में चिकित्सक एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 575 पद, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में चिकित्सक के 236 पद, भू-संरक्षण विभाग में सहायक भू-संरक्षण अधिकारी के 13 पद एवं जल संसाधन विभाग में शाखा सहायक के 4 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में कुल 811 पदों में से 777 पद चिकित्सकों द्वारा भरे गए हैं तथा शेष 34 पद स्वास्थ्य विभाग के अधीन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के हैं।

आज नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि रहे स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार की ओर से नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। स्वास्थ्य मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा की दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और युवा पीढ़ी के प्रतिनिधियों के प्रति विशेष दया के कारण असम सरकार ने 100,000 पदों पर भर्ती के लिए अहम कदम उठाया है।

आज चारों विभागों में 828 नवीन पदों पर नियुक्ति पत्र वितरण के साथ मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 100,000 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 40,502 युवा असम सरकार के अधीन नौकरी पर नियुक्त हुए। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार ने विभिन्न विभागों में कुल 39,674 पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों को पहले ही नियुक्त कर दिया है, जिनका चयन पूरी तरह से चयन परीक्षा के माध्यम से किया गया था। मंत्री महंत ने नवनियुक्त चिकित्सकों से कार्यबल में शामिल होने के पहले दिन से ही मरीजों व परिजनों की सेवा में पूरी लगन से ध्यान देने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा, आज एक साथ 777 युवा डॉक्टरों के शामिल होने से राज्य में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को नई गति और ताकत मिली है।