गुवाहाटीः केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवा सशक्तिकरण की पहल के परिणामस्वरूप देश का विकास हुआ है। यह देखते हुए रोजगार मेला युवा सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। मालीगांव स्थित एनएफआर के रंग भवन ऑडिटोरियम में आयोजित तीसरे रोजगार मेले में केंद्रीय जहाजरानी, बंदरगाह ,जलमार्ग और आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने नियुक्ति पत्र वितरण करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति की जबरदस्त मानव संसाधन क्षमता अब देश की महाशक्ति  बन गई है।

केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया के सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली देशों में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि मोदीजी का विजन एक नए भारत का निर्माण करना है, जो आत्मनिर्भर हो और इस प्रयास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से इस लक्ष्य के लिए खुद को प्रतिबद्ध करने का आह्वान करते हुए उन्हें नए भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए कहा। सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले में सरकारी विभागों की भर्तियों के लिए 71,000 नियुक्ति पत्र वितरित किए। इससे पहले भी बड़ी संख्या में लोगों को नियुक्ति पत्र वितरण किए गए थे।