गुवाहाटीः पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित भारत ऊर्जा सप्ताह -2023 का आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा और केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर  तेली ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री पुरी ने  इस मौके पर एनआरएल सेंटर के उद्घाटन के अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में  भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री पुरी मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी इस क्षेत्र को उच्च विकास पथ पर लाने के लिए हमेशा पूर्वोत्तर के ऊर्जा क्षेत्र को प्राथमिकता देते  आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने अन्य राज्यों की अपेक्षा पूर्वोत्तर के विकास पर विशेष ध्यान दिया है जिसका परिणाम साफ दिख रहा है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास के मद्देनजर कई अन्य बड़ी परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं, जिनसे पूर्वोत्तर के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बांस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए तीन नर्सरी गोलाघाट, नगांव और शोणितपुर जिलों में स्थापित की जाएंगी। बांस की खेती से कई सामाजिक लाभ होते हैं और इसलिए इसे ग्रीन गोल्ड क्षेत्र के रूप में बदला जाएगा। उन्होंने अन्य कई कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने इस दौरान उन किसानों के साथ बातचीत की जो असम बायो रिफाइनरी को स्थायी आधार पर बांस की आपूर्ति करेंगे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री  रामेश्वर तेली ने कहा कि सरकार पूर्वोत्तर में बांस की खेती के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है, क्योंकि यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है।