दशोरा समाज के जिला स्तरीय महिला संगठन ने हाल ही में ठीकरी में मकर संक्राति पर्व के उपलक्ष्य में हल्दी कुमकुम कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पूरे जिले से समाज की महिलाएं सम्मिलित हुई। इस कार्यक्रम में समाज की प्रांत अध्यक्ष सुलभा गुप्ता इंदौर से पधारी। जिले से सेंधवा, राजपुर, पलसूद, निवाली, बड़वानी, ठीकरी व बलवाड़ी से 120 मातृशक्ति ने एक-दूसरे को हल्दी कुमकुम लगाकर पर्व की बधाई दी। ठीकरी मंडल ने सभी का स्वागत कर उपहार वितरित किए। बड़वानी की महिलाओं ने नारी शक्ति पर गीत, सेंधवा की महिलाओं ने धर्म पर आधारित प्रश्नोत्तरी स्पर्धा करवाई।दुर्गा गुप्ता ने योग से शरीर स्वस्थ कैसे रखा जा सकता है, इसके बारे में बताया। उन्होंने सभी को योग प्राणायाम करने के तरीके सिखाकर स्वस्थ रहने के लिए खान-पान में रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। कार्यक्रम में प्रांत अध्यक्ष गुप्ता ने मातृशक्ति के प्रदेश कार्यकारिणी में समाज को सुदृढ़ करने के लिए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाएं एकत्रित होगी तो समाज का उत्थान होगा। समाज की उन्नति होगी तो देश की उन्नति होगी। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। उनकी प्रतिभा को बढ़ाने की जरूरत है। बेटियों को शिक्षित कर ताकी वे हर क्षेत्र में जाकर अपने समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने चेतना गुप्ता पलसूद को प्रांत कार्यकारिणी में मीडिया प्रभारी नियुक्त किया। जिलाध्यक्ष संगीता मंडलोई ने मकर संक्राति का महत्व व सामाजिक एकता का महत्व बताया। पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलीथिन का उपयोग नहीं करते हुए कपड़े के बैग का उपयोग करने का सुझाव देकर सभी महिलाओं को दशोरा महिला संगठन का चिन्ह बना हुआ बैग वितरित किया। जिलाध्यक्ष मंडलोई ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें इसमें पहल कर इसका उपयोग छोड़ना होगा। हमें अपनी आदतों में बदलाव करने की जरूरत है। हर छोटी-बड़ी वस्तु खरीदने जाए तो उसे कपड़े की थैली में लेकर आए। हम बदलाव की शुरूआत करेंगे तो दूसरे लोग भी इससे जागरूक होंगे। ठीकरी की अध्यक्ष श्रद्धा गुप्ता सहित जिले की महिलाएं मौजूद थी।