गुवाहाटी : वसुधैव कुटुंबकम तथा एक दुनिया, एक परिवार या एक भविष्य के उद्देश्य से इस बार भारत जी20 की अध्यक्षता कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2022-23 के लिए जी20 की अध्यक्षता ग्रहण करने के बाद 1 फरवरी को जी20 प्रतिनिधिमंडल काजीरंगा पहुंचेगा। राज्य के वन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने जानकारी दी है कि जी20 टीम को 4 फरवरी में काजीरंगा पहुंचना था लेकिन कार्यक्रम में कुछ बदलाव कर दिया गया है। जी20 प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा में स्थित वन विभाग शताब्दी सभागार में वन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी की अध्यक्षता में बोकाखात के विधायक व कृषि मंत्री अतुल बोरा की देखरेख में गोलाघाट, नगांव व जोरहाट जिला प्रशासन  और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

काजीरंगा में जी20 टीम के स्वागत के लिए काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान प्राधिकरण तैयारियों में जुटे नजर आ रहे हैं। काजीरंगा के कहरा में शताब्दी सभागार के सामने लोहे के स्थायी बैरिकेड्स लगाकर जी20 टीम की कार पार्किंग की जगह बना दी गई है। सड़कों की मरम्मत के साथ वन शिविर और दर्शन चूड़ा खूबसूरती से रंगा और सजाया गया है। गौरतलब है कि जी20 टीम काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा और बागरी जंगलों में जीप सफारी करेगी। इसलिए 1 फरवरी में दोनों स्थानों को पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। जी20 प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा, स्वागत, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान जीप सफारी आदि पर विस्तृत चर्चा की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में वन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी, बोकाखात के विधायक व कृषि मंत्री अतुल बोरा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एमके यादव, अतिरिक्त मुख्य सचिव रविशंकर प्रसाद, गोलाघाट आयुक्त पी उदय प्रवीण, नगांव व जोरहाट के उपायुक्त, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक जतींद्र शर्मा, वन प्रमंडल पदाधिकारी रमेश गोगोई, पुलिस अधीक्षक रमनदीप कौर सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने जी20 प्रतिनिधिमंडल के स्वागत स्थल, स्वागत कक्ष, प्रदर्शनी कक्ष आदि का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया।वन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने कहा कि 75 सदस्यीय जी20 प्रतिनिधिमंडल 1 फरवरी को सुबह 9ः30 बजे काजीरंगा पहुंचेगा। वे काजीरंगा में दिन बिताएंगे और शाम 4ः30 बजे गुवाहाटी लौट आएंगे। प्रतिनिधिमंडल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा, बागरी और अगरतली वन क्षेत्रों में जीप सफारी लेने वाला था लेकिन कार्यक्रम में कुछ बदलाव के साथ अब सिर्फ कहरा और बागड़ी के जंगलों में जीप सफारी की जाएगी। इसके साथ काजीरंगा के पानबारी स्थित वन्यजीव बचाव और पुनर्वास केंद्र और हतीखुली टी एस्टेट की यात्रा शामिल होगी।