नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने 2002 के गुजरात दंगों पर बने बीबीसी के विवादास्पद वृत्तचित्र के प्रदर्शन की योजना बनाने को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय से 24 छात्रों को शुक्रवार को हिरासत में ले लिया। 

इससे पहले वृत्तचित्र के प्रदर्शन को लेकर पिछले दिनों जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया में भी हंगामा हो चुका है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा कि शाम करीब चार बजे लगभग 20 लोग प्रतिबंधित बीबीसी वृत्तचित्र की स्क्रीनिंग के लिए कला संकाय के बाहर पहुंचे।

इससे इलाके में शांति भंग हो सकती थी, इसलिए उनसे वहां से जाने को कहा गया। अधिकारी ने कहा कि जब उन्होंने ऐसा नहीं किया तो शांतिपूर्ण तरीके से उन्हें हिरासत में ले लिया गया। कुल 24 लोगों को हिरासत में लिया गया।