श्रीनगर : कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का करीब पांच महीनों के बाद सोमवार को श्रीनगर में समापन हो गया और इस मौके पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, द्रमुक और कुछ अन्य विपक्षी दलों ने राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनमें देश के लिए ‘आशा की किरण’ नजर आती है। दूसरी तरफ, कई विपक्षी नेताओं की मौजूदगी वाली रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनकी इस यात्रा का मकसद भारत के उदार और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को बचाना है। उन्होंने दावा किया कि देश के उदार और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हमले का सामना कर पड़ रहा है।

उन्होंने कि मैंने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं, बल्कि देश की जनता के लिए की है। हमारा मकसद उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है, जो इस देश की नींव को ही नष्ट करना चाहती है। श्रीनगर के प्रसिद्ध ‘शेर-ए-कश्मीर’ स्टेडियम में कांग्रेस विपक्षी एकजुटता का व्यापक संदेश देने की कोशिश में थी, लेकिन उसे भीषण बर्फबारी और कुछ प्रमुख दलों के पहले ही दूरी बना लेने के कारण झटका लगा। हाड़ कंपाने वाली सर्दी और चारों तरफ फैली बर्फ की चादर के बीच सजे कांग्रेस के मंच पर नौ विपक्षी दलों के नेता मौजूद रहे। इस रैली में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के मिथिलेश कुमार, द्रमुक के तिरुची शिवा, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के कानी एन नवास, रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एन प्रेमचंद्रन, वीसीके के थिरुमावलवन और बहुजन समाज पार्टी के सांसद श्याम सिंह यादव शामिल हुए।

यादव ने दिल्ली में राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी की थी।  कांग्रेस ने तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड) और राष्ट्रीय जनता दल समेत 20 से अधिक राजनीतिक दलों को न्योता दिया था, लेकिन कई प्रमुख दलों के नेता नजर नहीं आए। कुछ दलों ने पहले ही अपनी असमर्थता जता दी थी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि श्रीनगर में सोमवार को भारी बर्फबारी होने के कारण कुछ दलों के नेता पहुंच नहीं सके। रैली से पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यहां  ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शिविर स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और फिर अपनी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ मजेदार ‘स्नोबॉल फाइट’ (एक-दूसरे पर बर्फ के गोले फेंकना) की।