नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निजी ट्वीटर अकाउंट से अरुणाचल प्रदेश की छात्रा लोपोली मेलो का एक लेख साझा किया है। लोपोली मेलो को संसद में आयोजित ‘पराक्रम दिवस 2023’ समारोह में शामिल होने का मौका मिला था। पीएम मोदी ने एक ट्वीट कर कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोपोली मेलो के इस बेहद निजी लेख को पढ़कर आपको आनंद आएगा। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद भी किया।
बता दें कि इस साल सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर देशभर से चुने गए 80 युवाओं को उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करने का अवसर दिया गया। इन युवाओं में 35 लड़कियां और 45 लड़के शामिल थे। लोपोली मेलो, अरुणाचल प्रदेश के राजीव गांधी विश्वविद्यालय की छात्रा हैं। उन्होंने पराक्रम दिवस 2023 में शामिल होने के लिए अपने घर से लेकर दिल्ली की यात्रा और उसके बाद की पूरी कहानी को लेकर ‘ए डे इन द पार्लियामेंट एंड पीएमओ’ शीर्षक से लेख लिखा है। इसमें लोपोली ने दिन भर की अपनी यात्रा को संस्मरण के रूप में रोचक ढंग से पेश किया है।