गौरैया के संरक्षण के लिए मानव ऑर्गनाइजेशन प्रत्येक वार्ड में गौरैया मित्र बनाएगा। संस्था ने 20 मार्च को गौरैया दिवस से जून माह तक लगातार कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है रविवार को मोहल्ला तालाबपुरा में अधिवक्ता अंकित जैन की अध्यक्षता में आयोजित संस्था की बैठक में पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि इस बार संस्था का प्रयास रहेगा कि ललितपुर की हर गली में गौरैया की चहचहाहट सुनाई दे। इसके लिए जिले की पांचों तहसील एवं प्रत्येक वार्ड में गौरैया मित्र बनाए जाएंगे। जो समय समय पर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस बार गौरैया संरक्षण के लिए कार्यक्रम जून माह तक होंगे। डॉ. राजीव निरंजन ने बताया कि हर स्कूल और कॉलेज में छात्र-छात्राओं के सहयोग से गौरैया आवास बनाए जाएंगे। साथ ही रैली के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाए। इस वर्ष जल पात्रों के साथ संरक्षण का संदेश देते हुए पोस्टकार्ड भी वितरित किए जाएंगे। पक्षी विशेषज्ञ देवेंद्र यादव ने कहा कि सेवानिवृत्त हो चुके व्यक्तियों को वालंटियर बनाकर गौरैया संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
एक गौरैया वाटिया की स्थापना की जाएगी। डॉ. रंजीत गुप्ता ने कहा कि बच्चों व बड़ों के साथ मिलकर गौरैया संरक्षण का संदेश देने के लिए कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। अमित सैनी ने गौरैया सेल्फी प्वाइंट के निर्माण का सुझाव दिया। संस्था के कोषाध्यक्ष सचिन जैन ने कहा कि सरकारी भवनों में गौरैया आवास की अनिवार्यता के लिए सरकार से पत्राचार किया जाना चाहिए। बैठक में अभय जैन, आकाश झा, कलेश परिहार, विवेक झा आदि उपस्थित रहे।