नई दिल्ली : हिंडनबर्ग-अडाणी विवाद पर गृहमंत्री अमित शाह ने पहली बार बयान दिया है। उन्होंने मंगलवार को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि इस पर कोई कमेंट करना सही नहीं होगा, क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में है। लेकिन इतना जरूर कहा कि इसमें भाजपा के लिए छिपाने जैसी कोई बात नहीं है और न ही डरने की जरूरत है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद राहुल गांधी समेत विपक्ष ने भाजपा पर अडाणी का बचाव करने के आरोप लगाए हैं।
इसे लेकर संसद से सड़क तक प्रदर्शन भी किया है। अमित शाह ने इंटरव्यू के दौरान लोकसभा विधानसभा चुनाव, पीएफआई पर बैन, पूर्वोत्तर में चुनाव, देश की आंतरिक सुरक्षा, शहरों के नाम बदलने और जी-20 जैसे कई मुद्दों पर भी बात की। केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष के खिलाफ कर रही है, इन आरोपों पर अमित शाह ने कहा कि वे (कांग्रेस) कोर्ट क्यों नहीं जाते? जब पेगासस का मुद्दा उठाया गया था तो मैंने कहा था कि सबूत के साथ कोर्ट जाओ, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
वे 2002 से मोदी के पीछे हैं। हजारों साजिशों के बावजूद सच सामने आता है। हर बार, मोदी जी मजबूत और अधिक लोकप्रिय बनकर सामने आते हैं। मोदी ने 8 साल में 51 बार पूर्वोत्तर का दौरा करके मन की दूरी को हटाया है। हमने चलो पलटाई का नारा त्रिपुरा की स्थिति बदलने के लिए दिया था और आज हालात बदल दिए। कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी साथ आए हैं, वे मान चुके हैं कि अकेले भाजपा को नहीं हरा सकते। मतगणना वाले दिन दोपहर 12 बजे से पहले भाजपा को त्रिपुरा में पूर्ण बहुमत मिलेगा और सरकार बनेगी। कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि भले ही उन्होंने त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में प्रचार में हिस्सा न लिया हो।
लेकिन पूर्वोत्तर के चुनावी नतीजे दिखा देंगे कि इन राज्यों में विपक्ष कितनी मजबूत है। शाह ने दावा किया कि भारत ने पीएम मोदी की सरकार में सभी क्षेत्रों में विकास किया है। सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों की वजह से देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में ही भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है और रक्षा क्षेत्र में आयात निर्भरता कम हुई है।
शाह ने पूर्वोत्तर के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि त्रिपुरा में, जब मैं एक गरीब परिवार के घर में खाना खाने गया, तो उन्होंने मुझे सिलेंडर, टॉयलेट, बिजली, नल का पानी और आयुष्मान भारत कार्ड दिखाया। यह सब एक गरीब परिवार के घर में पहुंच चुका है। शाह ने कहा कि उस घर की महिला ने चावल की बोरी दिखाई और कहा कि वे अब इसे बेच सकते हैं, क्योंकि उन्हें केंद्र सरकार से राशन मिल रहा है। उनका पूरा घर प्लास्टर था और उनके चेहरे पर गर्व का एक भाव था। इस घटना का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देश में बदलाव आया है और मुझे लगता है कि 2024 तक भाजपा के खिलाफ कोई प्रतियोगिता ही नहीं बचेगी। पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ आगे बढ़ेगा।
मोदी को जनता का पूरा समर्थन मिला है। देश एकतरफा मोदी के साथ आगे बढ़ रहा है। फैसला देश की जनता को तय करना है, अभी तक तो लोकसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी का लेबल जनता ने किसी को नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि पीएफआई पर कई मामले खत्म करने का काम कांग्रेस ने किया। जिसे कोर्ट ने रोका। हमने पीएफआई को बैन किया। वह देश में धर्मांधता और कट्टरता बढ़ा रहा था। एक तरह से आतंकवादी तैयार कर रहे थे। 1950 से धारा 370 को हटाना हमारे एजेंडे में था। अब वहां जो विकास हो रहा है, आतंकी और आतंकी हमले कम हो रहे हैं, इससे साबित हो रहा है जम्मू-कश्मीर में भी हालात अच्छे हैं।