कोहिमा : नगालैंड में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा कोहिमा पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री और नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के नेता नेफ्यू रियो की उपस्थिति में एक जनसभा को संबोधित किया। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि आज नगालैंड में शांति है, राज्य समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। नड्डा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी इसकी ओर ध्यान ही नहीं दिया। नेफ्यू रियो के नेतृत्व में आज नगालैंड विकास की ओर अग्रसर हो रहा है।

नगालैंड के हर वर्ग की समस्या को हम सुनेंगे और उन समस्याओं का समाधान करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनजाति लोगों से बहुत प्यार है, वे चाहते हैं कि नगालैंड के लोग भी विकास में सहभागी बनें। कोहिमा में आयोजित एक समारोह के संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि पहले की सरकारें बंद, नाकेबंदी, अपहरण, टारगेट हत्या और आतंकवाद के लिए जानी जाती थीं। लेकिन जबसे नेफ्यू रियो ने नगालैंड की बागडोर संभाली है, प्रदेश का नक्शा ही बदल गया है। उनके नेतृत्व में आज नगालैंड शांति और समृद्धि का स्थल बन गया है। आज नगालैंड में विकास की बयार चल पड़ी है।

हर ओर विकास आपको दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि नगालैंड के लोग बहुत बड़े देशभक्त हैं। उनके अंदर देशभक्ति कूट-कूट कर भरी हुई है। यहां की संस्कृति  और यहां की प्रकृति देश और दुनिया के लोगों को आकर्षित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनजातियों के प्रति प्यार जग-जाहिर है। उनकी ही देन है कि आज देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिलीं। आदिवासियों के प्रति उनका सम्मान ही है कि आज देश में तीन राज्यपाल जनजाति समुदाय से हैं और उनकी कैबिनेट में आठ मंत्री जनजाति समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि आज देश देने वाला बन गया है, लेना वाला रह नहीं गया है।

हमने कोरोनाकाल में जो काम करके दिखाया, पूरी दुनिया चकित रह गई। आज अगर आप सभी यहां पर बिना मास्क के बैठे हैं, तो उसकी वजह है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच। आज देश में सौ फीसदी वैक्सीनेशन हो चुका है। लोगों को डबल डोज मिल चुकी है। अब को बूस्टर भी मिलने लगी है। उन्होंने कहा कि नगालैंड में नेफ्यू रियो के नेतृत्व में जो काम किया गया है, उसका लाभ गठबंधन को जरूर मिलेगा।