गुवाहाटी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वृहस्पतिवार को असम का दौरा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री पड़ोसी राज्य मेघालय में चुनाव प्रचार के लिए सुबह गुवाहाटी पहुंचेंगे। वे गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर करीब पांच मिनट बिताएंगे। इससे पहले, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, जो बेंगलुरु में हैं, केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत करने के लिए गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा और असम भाजपा नेतृत्व के साथ केंद्रीय गृह मंत्री सीधे तुरा के लिए रवाना होंगे। गौरतलब है 27 फरवरी को होने वाले चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहाड़ी राज्य का दौरा करेंगे। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल पहले से ही मेघालय में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. नोमल मोमिन भी पड़ोसी राज्य में प्रचार कर रहे हैं। मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मेघालय पहुंचे और मेनिफेस्टो र्लंांच किया। नड्डा ने बुधवार को मेघालय में कई प्रचार रैलियों में शिरकत की और वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत भी की। जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र या घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि राज्य में समृद्धि के लिए बहुत अवसर और संभावनाएं हैं और हम इसे भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आशान्वित हैं।
भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में बेटी के जन्म के बाद 50,000 रुपए का बांड प्रदान करना, केजी से पीजी तक लड़कियों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए प्रति वर्ष 2 मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करना आदि का प्रावधान शामिल है। नड्डा ने प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा, हमने तय किया है कि योजना के तहत किसानों को 2000 प्रति वर्ष भुगतान करने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि 2018 के मेघालय विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 में से केवल दो सीटों पर जीत हासिल की थी।