जोरहाट : जोरहाट के एटी रोड स्थित प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र चौक बाजार में आज वृहस्पतिवार को देर शाम लगी अग्निकांड की घटना से शहर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे चौक बाजार में स्थित एक प्रतिष्ठान में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद इलाके के लोगों तथा बाजार के व्यापारियों में दहशत फैल गई। मालूम हो कि जब उक्त आगजनी की घटना घटी, उस समय अधिकांश व्यापारी अपनी दुकानों को बंद कर घरों के लिए निकल चुके थे। ऐसे में बाजार में लोगों की भीड़ न के बराबर थी।
अमूमन चौक बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ रहती है और अगर उक्त घटना आधे घंटे पहले घटित होती तो भगदड़ भी मच सकती थी तथा जानमाल का भारी नुकसान भी हो सकता था। उल्लेखनीय है कि चौक बाजार में 250 से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं और सभी दुकानें एक-दूसरे से जुड़ी हुईं हैं।
इधर आगजनी की घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार शहर के मुख्य इलाके में इतनी बड़े अग्निकांड की घटना को लगभग एक घंटा बीत जाने के बाद भी दमकल विभाग की महज दो गाड़ियों का पहुंचना विभाग की खामियों को उजागर करता है। लोगों का आरोप है कि गत दिसंबर माह में मारवाड़ी पट्टी में हुई इतनी बड़ी अग्निकांड की घटना से भी विभाग ने कोई सबक नहीं लिया और जरूरी उपकरणों व संसाधनों की कमी एक बार फिर उजागर हो रही है। हालांकि रात लगभग दस बजे दमकल विभाग की कई और गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास में जुट गईं। समाचार लिखे जाने तक आग ने दर्जनों दुकानों को अपनी आगोश में ले लिया था।
आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों व दमकल विभाग का प्रयास जारी था। स्थानीय लोगों की मदद से बाजार के व्यापारी अपनी दुकानों से सामान निकालने में जुट गए। वहीं घटनास्थल पर अपना सब-कुछ गवां बैठे कई व्यापारियों को रोते-बिलखते देखा गया। इधर पुलिस की टीम स्थिति को काबू में लेने के लिए मौके पर तैनात नजर आई। गौरतलब हो कि गत 15 दिसंबर को जोरहाट में हुई असम सरकार की कैबिनेट में चौक बाजार के नए सिरे से निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपए देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की थी।