शिलांग : मेघालय की साठ सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 फरवरी को मतदान होना है। इससे पहले सियासी दलों के नेताओं के बीच एक-दूसरे पर हमले तेज हो गए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गारो हिल्स के डालु में मेघालय सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि असम केंद्र सरकार की सभी सुविधाओं का लाभ उठा रहा है। लेकिन, ये सुविधाएं सिर्फ असम के लिए ही नहीं, बल्कि मेघालय के लिए भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेघालय के मुख्यमंत्री यहां के लोगों को केंद्र की सुविधाओं का लाभ नहीं उठाने दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि आप राज्य का विकास करना चाहते हैं और सभी सुविधाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, तो यहां की सरकार को बदलें।
भाजपा को वोट दें और उसके उम्मीदवार को जिताएं। केंद्र सरकार की ओर से सभी सुविधाएं सभी को दी जाएंगी। गृहमंत्री शाह ने कहा कि असम, त्रिपुरा, मणिपुर में लोगों को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है। लेकिन मेघालय में भ्रष्टाचार के बिना कोई सरकारी नौकरी नहीं है। हमने उत्तर-पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए 5,000 करोड़ रुपए खर्च किए, लेकिन यहां कोई उचित राजमार्ग नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि मेघालय में कई वर्षों से दो परिवारों का राज रहा है।
गृह मंत्री ने कहा कि इन दोनों परिवारों ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया बस भ्रष्टाचार कर मेघालय के गरीबों का पैसा खाया है। अब दोनों परिवारों से मेघालय को मुक्ति दिलाने का समय आ चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनाने का समय आ गया। इसी बीच अमित शाह ने असम में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि असम जाकर देखिए और समझिए कि विकास क्या होता है। असम में विकास का हर पहलू देखा जा सकता है, चाहे वह सड़क हो, राशन हो, आवास की सुविधा हो, बिजली हो या पानी।