शिलांग : मेघालय में दो मेडिकल कॉलेज बनाने का पैसा केंद्र सरकार द्वारा जारी करने के बावजूद मेघालय में मेडिकल कॉलेज यहां की सरकार क्यों नहीं बनवा पाई? यह पूछने का हक मेघालय की जनता को है। इसके लिए कर्रवाई केंद्र सरकार नहीं, बल्कि जनता करेगी। हम तो जनता की अदालत में आए हैं। यह कहना है असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा का।
शर्मा रविवार को शिलांग के कीटिंग रोड में एक चुनावी सभा को संबोधित करने आए थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि केंद्र ने केवल मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए ही पैसे नहीं दिए, बल्कि विभिन्न परियोजनाओं के लिए पैसे जारी किए थे। अगर ये परियोजनाएं पूरी नहीं हुईं तो राज्य सरकार को यहां की जनता को जवाब देना होगा। साथ ही हिमंत ने उन आरोपों का भी जवाब दिया, जिसमें असम सरकार पर असम में चर्चों में तोड़-फोड़ और उनकी गणना के पत्र जारी करने के आरोप लगे थे।
शर्मा ने कहा कि वह पूरी तरह से फर्जी पत्र था। असम सरकार ने ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया और इसके बारे में मैं पहले भी सफाई दे चुका हूँ और रही बात ईसाई समुदाय की सुरक्षा की तो असम में केवल ईसाई ही नहीं, हर समुदाय सुरक्षित है।