कार्बी आंगलांग : असम-नागालैंड के सीमावर्ती अंचल खटखटी में पुलिस ने आज सोमवार को देर शाम अभियान चलाकर  हेरोईन की सबसे बड़ी खेप जब्त की, जिसकी कीमत 24 करोड़ आंकी गई है। मिली जानकारी मुताबिक मणिपुर से ड्रग्स की बड़ी खेप असम में आने की खुफिया जानकारी कार्बी आंगलांग पुलिस को मिली। उक्त जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए बोकाजान पुलिस ने सीआरपीएफ और डॉग स्मयड की मदद से 39 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग में आवाजाही कर रहे ट्रकों में अभियान चलाया। उक्त अभियान के दौरान पुलिस ने मणिपुर से आने वाले एक ट्रक से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की।

पुलिस के अनुसार उक्त ट्रक में ड्रग्स तस्कर बड़े पैमाने पर हेरोइन की बड़ी खेप को छिपाकर तस्करी का प्रयास कर रहे थे तभी सीमाई अंचल में स्थित खटखटी पुलिस के नियमित तालाशी चौकी में  उसे जब्त कर लिया। पुलिस ने इस तस्करी के आरोप में ट्रक के चालक सहित दो लोगो को पकड़ा। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान मणिपुर निवासी महमद इकबाल और मुहम्मद शोएब अख्तर के रूप में की गई। पुलिसिया छानबीन में पता चला कि ड्रग्स की इस बड़ी खेप को पड़ोसी राज्य मणिपुर से लाया जा रहा था और असम इसे पहुंचना था।

ट्रक से बरामद ड्रग्स की बड़ी खेप का वजन चार किलोग्राम से अधिक बताया गया, जबकि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 24 करोड़ से अधिक आंकी गई। बहरहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस बृहद नेटवर्क के पीछे आखिर किसका हाथ है। उल्लेखनीय है कि आज बरामद हेरोईन की ये बड़ी खेप सीमाई जिले में अबतक की सबसे बड़ी बरामदगी है।