गुवाहाटी : मेघालय विधानसभा चुनाव अगले सप्ताह होंगे। इसी बीच मेघालय प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्नेस्ट मावरी ने बीफ खाने को लेकर विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बीफ खाने पर कोई बैन नहीं है। मैं खुद बीफ खाता हूं। बीफ स्वादिष्ट होता है। उन्होंने कहा कि बीफ खाने को लेकर पार्टी में कोई समस्या नहीं है।
भाजपा नेता ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में यह बात कही। इंटरव्यू में उन्होंने साफ किया कि पार्टी ने बीफ खाने पर कोई पाबंदी नहीं लगाई है। मैं खुद बीफ खाता हूं और इसके बावजूद भाजपा की ओर से राजनीति कर रहा हूं। मुझे भी कोई दिक्कत नहीं हुई है। गौरतलब है कि मेघालय विधानसभा की 60 सीटों के लिए 27 फरवरी में मतदान होगा। पहाड़ी राज्य में अधिकांश मतदाता ईसाई हैं। गोमांस पर भाजपा नेता की टिप्पणी अधिकांश भाजपा नेताओं के विपरीत है, जो गोमांस बेचने और खाने का कड़ा विरोध करते हैं।
असम सहित कई भाजपा शासित राज्यों में इसके लिए पहले से ही सख्त कानून हैं। मेघालय के भाजपा नेता ने दावा किया कि भाजपा ने गोमांस की बिक्री या सेवन पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है। इसके बजाए वे अवैध बीफ की बिक्री को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। उसके बाद से देश में किसी चर्च पर हमला नहीं हुआ है।