गुवाहाटीः असम के नवनियुक्त राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को आज असम में उनके आगमन पर लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआई), गुवाहाटी परं औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर उनकी आगवनी करने के लिए असम सरकार के मंत्री चंद्रमोहन पाटवारी, अतुल बोरा, रंजीत कुमार दास, यूजी ब्रह्मा, बिमल बोरा, प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष भावेश कलिता, असम के मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर, पुलिस आयुक्त गुवाहाटी दिगंत बोरा और कामरूप (मेट्रो) के जिला आयुक्त पल्लव गोपाल झा के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति पहुंचे थे। सभी ने राज्यपाल श्री कटरिया का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
दूसरी ओर श्री कटारिया का राजभवन पहुंचने पर गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उनके साथ उनकी पत्नी अनिता कटारिया का भी राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया। उल्लखनीय है कि गुलाबचंद कटारिया राज्य के 31वें राज्यपाल के रूप में बुधवार को श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे।
वे प्रोफेसर जगदीश मुखी के कार्यकाल पूरा होने के बाद असम के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। मनोनीत राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले हैं। राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति से पहले वे राजस्थान के पूर्व गृह मंत्री और राजस्थान विधान सभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्यभार संभाले हुए थे।