गुवाहाटी : गुवाहाटी पुलिस ने मंगलवार को पड़ोसी राज्य मेघालय में गुवाहाटी डबल मर्डर केस के  मृतक अमरज्योति डे (35) की पत्नी वंदना कलिता द्वारा फेंके गए शरीर के कई हिस्से बरामद किए। सूत्रों के अनुसार डाउकी स्थित गहरी खाई में हाथ-पैर समेत शरीर के कुछ हिस्से मिले हैं। पुलिस मृतक के शरीर के अंग बरामद करने के उद्देश्य से दोषी वंदना को जंगल क्षेत्र में ले आई थी। गौरतलब है कि पुलिस ने सोमवार को आरोपी महिला को उसके दो पुरुष मित्रों के साथ गुवाहाटी में अपनी सास शंकरी डे (62) और पति की पिछले साल जुलाई-अगस्त में हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने कहा कि आरोपी के कबूलनामे के आधार पर सोमवार को मृत महिला के शरीर के कुछ हिस्से बरामद किए गए। वंदना कलिता ने पिछले साल 26 जुलाई को अपनी सास (एक सेवानिवृत्त  सरकारी कर्मचारी) और 17 अगस्त को  पति की कथित तौर पर हत्या कर दी थी, जिसमें उसके दोस्त धंती डेका और एक टैक्सी चालक अरूप डेका ने उसकी मदद की थी। तीनों आरोपियों ने शवों के टुकड़े भी किए और शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने के लिए पड़ोसी राज्य मेघालय के दो चक्कर भी लगाए। धंती डेका और अरूप डेका दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया और उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने तिनसुकिया जिले से शवों को ले जाने के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है। आगे की जांच चल रही है।