शिलांग : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘कक्षा में धौंसपट्टी दिखाने वाले ऐसे छात्र’ की तरह है, जो किसी का सम्मान नहीं करता क्योंकि उसे लगता है कि वह सब कुछ जानता है। गांधी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि टीएमसी मेघालय में यह सुनिश्चित करने के लिए चुनाव लड़ रही है कि पूर्वोत्तर के इस राज्य में भाजपा सत्ता में आ जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) कक्षा में धौंस जमाने वाले उस छात्र की तरह हैं, जिसे लगता है कि वह सब जानता है और सब समझता है और इसीलिए वह किसी का सम्मान नहीं करता। हमें उनसे मिलकर लड़ना होगा। गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस अपनी विचारधारा से देश की संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे वह तमिलनाडु, कर्नाटक, जम्मू और कश्मीर, या हरियाणा हो - हर एक राज्य पर आरएसएस द्वारा हमला किया जा रहा है। सभी राज्यों पर एक विचार थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में हर एक संस्था-चाहे वह संसद हो, मीडिया हो, नौकरशाही हो, निर्वाचन आयोग हो या न्यायपालिका- आरएसएस और भाजपा की विचारधारा के दबाव में हैं।