नई दिल्लीः मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय सिंह बंगा वर्ल्ड बैंक के मुखिया होंगे। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गुरुवार को यह घोषणा की। वह इस पद पर नियुक्त होने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। बंगा अभी प्राइवेट इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक के वाइस प्रेसीडेंट हैं। उन्हें बिजनस में 30 साल से अधिक अनुभव है और वह मास्टरकार्ड में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। साथ ही वह अमरीकन रेड क्रॉस, क्राफ्ट फूड्स और डाउ इंक के बोर्ड में रह चुके हैं।
अगर वर्ल्ड बैंक का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स उनके नाम पर मुहर लगाता है तो वह इस पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमरीकन और सिख-अमरीकन होंगे। अब तक इंटरनेशनल मॉनीटरी फंड और वर्ल्ड बैंक में भारतीय मूल को कोई भी व्यक्ति इस पद पर नहीं पहुंचा है। अजय सिंह ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इकोनॉमिक्स की डिग्री ली है। राष्ट्रपति बाइडेन ने बयान में कहा कि अजय इतिहास के इस महत्वपूर्ण क्षण में विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए विशिष्ट रूप से उपयुक्त हैं।
अजय ने सफल वैश्विक कंपनियों के निर्माण और प्रबंधन में तीन दशक से अधिक का समय बिताया है। ये वे कंपनियां हैं जो विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में रोजगार सृजित करती हैं और निवेश लाती हैं। उनके पास लोगों और व्यवस्था को प्रबंधित करने तथा परिणाम देने के लिए दुनिया भर के वैश्विक नेताओं के साथ साझेदारी करने का एक अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड है। 63 साल के बंगा मास्टरकार्ड के प्रेसीडेंट और सीईओ रह चुके हैं। उन्हें 2016 में उन्हें पद्मश्री से नवाजा गया था।